Barabanki News: लखनऊ एयरपोर्ट अपने पति को लेने जा रही एक महिला और उसके परिवार के लिए बुधवार की सुबह कभी न भूल पाने वाली बन गई। बाराबंकी के रामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दलसराय के पास एक तेज़ रफ्तार डंपर ने बोलेरो गाड़ी को जबरदस्त टक्कर मार दी। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
यह हादसा आज तड़के सुबह करीब 5 बजे हुआ। बहराइच थाना रिसिया के ग्राम आलिया बुलबुल निवासी सुमैया अंसारी अपने परिवार के साथ पति तुफैल अहमद को लेने लखनऊ एयरपोर्ट जा रही थीं। तुफैल अहमद विदेश, कुवैत से लौट रहे थे। लेकिन लखनऊ पहुंचने से पहले ही एक तेज़ रफ्तार डंपर ने उनकी बोलेरो को सामने से टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बोलेरो गाड़ी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
घटनास्थल पर ही दो की मौत
टक्कर लगते ही बोलेरो चालक जामिन अली (45 वर्ष) और सुमैया अंसारी (28 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गाड़ी में सवार अन्य लोग – मोहम्मद अली (55 वर्ष), साजिदा (50 वर्ष), साहिल अंसारी (6 वर्ष), और रिहाना (18 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद डंपर भी नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे एक घर में जा घुसा। इस दुर्घटना में डंपर का खलासी राजेंद्र कमलेश (25 वर्ष) भी बुरी तरह जख्मी हो गया।
घायलों को तत्काल रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चार गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। 6 वर्षीय साहिल का इलाज सीएचसी में ही जारी है। वहीं, हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल और घटनास्थल दोनों जगह लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित भी रहा, जिसे बाद में पुलिस ने नियंत्रण में लिया।
परिजनों का इंतजार बन गया मातम
जो यात्रा अपने परिवार के सदस्य को हवाई अड्डे से लेने के लिए शुरू हुई थी, वह मातम में बदल गई। कुवैत से लौट रहे तुफैल अहमद को शायद यह खबर मिल चुकी होगी, लेकिन इस हादसे से उबरना उनके लिए बेहद मुश्किल होगा। जो परिजन तुफ़ैल की वापसी पर खुशी मनाने वाले थे अब वह गमगीन माहौल में होंगे।











