Barabanki News: होली पर्व को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है और खरीदारी का दौर शुरू हो चुका है। ऐसे में जनपद बाराबंकी में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन ने स्थानीय व्यापार को प्रोत्साहित करने की दिशा में विशेष पहल की है। संगठन ने जनपदवासियों से अपील की है कि इस बार होली का सामान छोटे दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी व्यापारियों से खरीदकर स्थानीय बाजार को मजबूती प्रदान करें।
प्रेस वार्ता में की गई अपील
शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिलाध्यक्ष इं. जयदीप सिंह सिद्धू ने जनपदवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्थानीय बाजार से खरीदारी करने से छोटे व्यापारियों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होती है और उनके घरों में भी खुशियों के रंग भरते हैं।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि पिचकारी, रंग-गुलाल और अन्य होली सामग्री स्थानीय दुकानों से खरीदना सामाजिक सहयोग का प्रतीक है। त्योहारों के अवसर पर स्थानीय व्यापारियों का समर्थन करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
ऑनलाइन खरीदारी से बचने की अपील
जिलाध्यक्ष ने आम लोगों से ऑनलाइन खरीदारी से बचते हुए स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की। उनका कहना था कि कठिन समय में स्थानीय दुकानदार ही जनता की आवश्यकताओं को पूरा करते हैं, इसलिए त्योहारों पर उनका सहयोग करना आवश्यक है।
बाइट देते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा,
“इस होली सभी लोग लोकल दुकानदारों से खरीदारी करें, ताकि छोटे व्यापारियों के घर भी खुशियों के रंग पहुंच सकें।”
संगठन के पदाधिकारी रहे मौजूद
प्रेस वार्ता के दौरान संगठन के महामंत्री भूपेंद्र शुक्ल, शहर अध्यक्ष मन्नू लाल चौरसिया, जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र वर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील जायसवाल, जिला प्रभारी अजय गुप्ता और जिला संगठन मंत्री अतुल गुप्ता सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
15 मार्च से सदस्यता अभियान
संगठन की ओर से जानकारी दी गई कि व्यापारियों को जोड़ने के लिए सदस्यता अभियान आगामी 15 मार्च से शुरू किया जाएगा। साथ ही जनपदवासियों से अपील की गई कि इस होली “वोकल फॉर लोकल” की भावना को अपनाते हुए स्थानीय बाजार को मजबूत बनाने में सहयोग करें।
Author: Shivam Verma
Description










