Bihar News: पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर हुई तोड़फोड़ और बवाल की घटना के बाद बुधवार सुबह बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं सड़क पर उतर आए। सैकड़ों की संख्या में विद्यार्थी खान सर के घर के बाहर पहुंचकर सड़क पर बैठ गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र में भारी भीड़ जमा हो गई, जिसके चलते सड़क पर लंबा जाम लग गया और यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई।
स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल की तैनाती की गई। सामने आए वीडियो में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं सड़क पर बैठे दिखाई दिए। प्रदर्शनकारियों में घटना को लेकर काफी नाराजगी और आक्रोश देखा गया।
बालकनी से खान सर ने छात्रों से की घर लौटने की अपील
प्रदर्शन के बीच खान सर अपने घर की बालकनी में नजर आए। उन्होंने कई बार हाथ जोड़कर छात्रों से शांत रहने और अपने घर लौट जाने की अपील की। खान सर ने प्रदर्शनकारियों से कहा कि पुलिस लगातार मामले में कार्रवाई कर रही है और पूरी रात कोचिंग सेंटर के बाहर पुलिस तैनात रही।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया है और मामले की जांच जारी है। खान सर ने छात्रों से सड़क खाली करने की अपील करते हुए कहा कि प्रदर्शन के कारण यातायात व्यवस्था बाधित हो रही है और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हालांकि खान सर की अपील के बावजूद प्रदर्शनकारी छात्र-छात्राएं वहां से हटने को तैयार नहीं हुए और लंबे समय तक सड़क पर डटे रहे।
छात्रों ने जताई नाराजगी, घटना पर उठाए सवाल
मीडिया से बातचीत के दौरान प्रदर्शन में शामिल कई छात्राओं ने घटना को लेकर चिंता और नाराजगी व्यक्त की। एक छात्रा ने कहा कि जब उनके शिक्षक पर हमला हुआ है तो वे वहां से क्यों जाएं। उन्होंने बताया कि आमतौर पर छुट्टी या किसी अन्य सूचना की जानकारी पहले ही मिल जाती है, लेकिन इस बार ऐसा कोई नोटिफिकेशन नहीं आया था। जब वे कोचिंग पहुंचे तब उन्हें घटना की जानकारी मिली।
एक अन्य छात्रा ने कहा कि वे जानना चाहते हैं कि आखिर खान सर के कोचिंग सेंटर पर हमला कैसे हुआ। उसने कहा कि यदि किसी को उनसे प्रतिस्पर्धा है तो वह भी छात्रों को बेहतर शिक्षा देकर आगे बढ़ सकता है।
प्रदर्शन में शामिल एक छात्रा ने यह भी कहा कि खान सर छात्रों के लिए बहुत कुछ करते हैं और इसी वजह से कुछ लोग उनसे जलन रखते हैं। छात्राओं ने स्पष्ट कहा कि वे खान सर के समर्थन में खड़ी हैं और जब तक उन्हें पूरी जानकारी नहीं मिलती, तब तक वहां से नहीं जाएंगी।
प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए पुलिस ने किया हल्का बल प्रयोग
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी लगातार छात्रों को समझाने का प्रयास करते रहे कि वे सड़क खाली कर दें और अपने घर लौट जाएं। लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। स्थिति को नियंत्रित करने और सड़क खाली कराने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग भी किया।
अगले आदेश तक बंद किया गया कोचिंग सेंटर
घटना के बाद खान सर के कोचिंग सेंटर को फिलहाल अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। प्रशासन और पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं तथा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।
मंगलवार देर रात हुई थी तोड़फोड़ और मारपीट
गौरतलब है कि पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र स्थित खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर मंगलवार देर रात कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़फोड़ और मारपीट किए जाने का मामला सामने आया था।
सूत्रों के अनुसार, मुसल्लहपुर हाट स्थित कोचिंग सेंटर के बाहर कुछ युवक पहुंचे और वहां तोड़फोड़ की। इस दौरान कई पोस्टर भी फाड़ दिए गए। विरोध करने पर सेंटर के सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट की गई, जिससे वह घायल हो गया। घायल गार्ड को उपचार के लिए भेजा गया है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही कदमकुआं थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा सके। इसके अलावा कोचिंग प्रबंधन और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है।
खान सर ने निष्पक्ष जांच की मांग की
घटना की जानकारी मिलने के बाद खान सर भी कोचिंग सेंटर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने आशंका जताई कि तोड़फोड़ की घटना में असामाजिक तत्व शामिल हो सकते हैं। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना के पीछे कुछ कोचिंग संचालकों का हाथ भी हो सकता है।
खान सर ने कहा कि उन्हें पहले भी धमकियां मिल चुकी हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जा सके।
Author: Shivam Verma
Description










