Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब सदर कोतवाली क्षेत्र के भगवानपुर तालाब के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। सुबह-सुबह गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीणों में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल की ओर पहुंचने लगे। इस दौरान पुलिस ने हाईवे पर लूटपाट करने वाले गिरोह के सरगना को पैर में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ गिरोह का सरगना
जानकारी के अनुसार पुलिस को हाईवे पर सक्रिय एक लूटपाट करने वाले गिरोह की मौजूदगी की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस और एसओजी टीम ने इलाके में घेराबंदी कर संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए मोर्चा संभाला। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली एक बदमाश के पैर में जा लगी, जिससे वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। पुलिस ने उसके तीन अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पकड़े गए घायल बदमाश की पहचान बिहार के मोहनिया निवासी उपेंद्र यादव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वही इस गिरोह का सरगना है और लंबे समय से हाईवे पर लूट की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।
महिलाओं का भेष बनाकर ट्रक चालकों को फंसाते थे बदमाश
पुलिस और एसओजी टीम की जांच में इस गिरोह के काम करने का तरीका बेहद चौंकाने वाला सामने आया है। बताया जा रहा है कि गिरोह के सदस्य महिलाओं का भेष धारण कर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रक चालकों को रुकने का इशारा करते थे।
जैसे ही ट्रक चालक वाहन रोकते थे, बदमाश उनसे नकदी, मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो जाते थे। पुलिस के मुताबिक गिरोह बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम देता था, जिससे ट्रक चालक आसानी से इनके झांसे में आ जाते थे।
एक दिन पहले हाईवे पर हुई थी 42 हजार रुपए की लूट
बताया जा रहा है कि एक दिन पहले भी सदर कोतवाली क्षेत्र के हाईवे पर इसी गिरोह ने महिला बनकर लूट की घटना को अंजाम दिया था। वाराणसी से बिहार जा रहे एक ट्रक चालक से बदमाशों ने 42 हजार रुपए लूट लिए थे। इस वारदात के बाद से पुलिस लगातार गिरोह की तलाश में जुटी हुई थी।
फरार बदमाशों की तलाश में जारी है कॉम्बिंग अभियान
फिलहाल पुलिस फरार तीन अन्य बदमाशों की तलाश में लगातार कॉम्बिंग अभियान चला रही है। सीओ सदर देवेंद्र कुमार ने बताया कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Author: Shivam Verma
Description










