Delhi CJP Protest: राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा एजेंसियों पूरी तरह से मुस्तैद नजर आ रही हैं। प्रदर्शन की अनुमति न मिलने के बावजूद दिल्ली पहुंचने वाले नेताओं पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। ताजा घटनाक्रम में CJP संस्थापक अभिजीत दिपके को फ्लाइट के अंदर ही हिरासत में ले लिया गया है, जिससे राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अभिजीत दिपके मुंबई से उड़ान भरकर जैसे ही दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर उतरे, सुरक्षा अधिकारियों ने विमान के भीतर ही उन्हें घेर लिया। उनके साथ सौरव दास और आशुतोष रांका जैसे अन्य प्रमुख नेताओं को भी हिरासत में लिया गया है। पार्टी ने इस कार्रवाई को पूरी तरह तानाशाहीपूर्ण करार देते हुए नेताओं की बिना शर्त रिहाई की मांग उठाई है।
इस हाई-प्रोफाइल प्रदर्शन को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। मध्य दिल्ली के कई इलाकों में धारा 163 लागू होने के साथ ही मंडी हाउस, आईटीओ और जंतर-मंतर की तरफ जाने वाले तमाम रास्तों पर भारी बैरिकेडिंग की गई है। सुरक्षा के मद्देनजर कई मेट्रो स्टेशनों के गेट भी बंद रखे गए हैं ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।
राजधानी में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगभग 25 हजार सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है जिनमें पुलिस के अलावा अर्धसैनिक बल भी शामिल हैं। इसके साथ ही हिरासत में लिए गए लोगों को रखने के लिए छत्रसाल स्टेडियम को अस्थाई डिटेंशन सेंटर में तब्दील कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर की शांति भंग करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।











