Gorakhpur News: राष्ट्रप्रेम, एकता और स्वदेशी की भावना से ओतप्रोत माहौल में सोमवार को गोरखपुर शहर एक ऐतिहासिक दृश्य का साक्षी बना। अवसर था भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर निकाली गई एकता यात्रा का, जिसकी अगुवाई स्वयं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की। पूरे मार्ग पर वंदे मातरम और भारत माता की जय के नारों के साथ पुष्पवर्षा से पूरा वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो उठा।
नगर निगम से गीता वाटिका तक गूंजा एकता का उद्घोष
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोरखपुर नगर निगम परिसर से गीता वाटिका के समीप विशंभर पाठक पार्क तक पदयात्रा का नेतृत्व किया। यह यात्रा प्रदेश के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में 25 नवंबर तक चलने वाली श्रृंखला का शुभारंभ थी। सीएम योगी गोलघर काली मंदिर के पास स्थित सरदार पटेल चौराहे तक स्वयं पैदल चले और मार्ग में जनसमूह से संवाद करते रहे।
पुष्पांजलि के साथ श्रद्धांजलि, वीरांगना और महापुरुषों का स्मरण
एकता यात्रा से पूर्व मुख्यमंत्री ने नगर निगम परिसर में अपने गुरुदेव राष्ट्रसंत ब्रह्मलीन अवेद्यनाथ जी महाराज की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद उन्होंने रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके बलिदान और साहस को याद किया। मंच पर पहुंचकर मुख्यमंत्री ने भारत माता और वंदे मातरम के रचयिता बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय के चित्रों पर भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।
राष्ट्रपिता गांधी की प्रतिमा से हुई एकता यात्रा की शुरुआत
मुख्यमंत्री योगी ने नगर निगम के बाहर टाउनहाल स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर एकता यात्रा का शुभारंभ किया। इस यात्रा में जलशक्ति मंत्री सहित कई जनप्रतिनिधि और हजारों नागरिक शामिल हुए। हर कोई हाथों में तिरंगा झंडा लिए “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के जयघोष कर रहा था। जैसे-जैसे यात्रा आगे बढ़ती गई, पूरा मार्ग राष्ट्रीय ध्वज के रंगों से रंग गया।
पुष्पवर्षा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से हुआ स्वागत
टाउनहाल से लेकर गोलघर काली मंदिर तक स्थानीय लोगों, सामाजिक संगठनों और सांस्कृतिक दलों ने सीएम योगी का भव्य स्वागत किया। जलकल बिल्डिंग, गांधी आश्रम, बलदेव प्लाजा और काली मंदिर के समीप कलाकारों ने देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियाँ दीं। मुख्यमंत्री मुस्कुराकर लोगों का अभिवादन स्वीकार करते रहे। एक बालक ने अपने हाथ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का चित्र लेकर खड़ा था। सीएम ने उसे पास बुलाया, उसका चित्र लिया और उसे स्नेहपूर्वक आशीर्वाद दिया।
यात्रा के अंतिम पड़ाव गोलघर काली मंदिर पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां काली तथा अन्य देव विग्रहों की पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और यात्रा को गंतव्य की ओर रवाना किया।
सीएम योगी बोले – “सरदार पटेल का संदेश आज भी प्रासंगिक”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लौह पुरुष सरदार पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में 31 अक्टूबर को प्रदेशभर में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन हुआ था। अब उसी कड़ी में स्वदेशी, स्वावलंबन और राष्ट्रीय एकता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के लिए सभी जिलों में एकता यात्राएँ निकाली जा रही हैं।
सीएम योगी ने कहा – “सरदार पटेल ने कहा था कि स्वतंत्रता केवल आजाद रहने के लिए नहीं, बल्कि जिम्मेदारी के साथ राष्ट्र की सेवा के लिए है। जिस देश का युवा जागृत रहेगा, उस देश को कोई गुलाम नहीं बना सकता।” उन्होंने यह भी कहा कि गुरु गोरखनाथ की धरा पर सरदार पटेल के संघर्ष और योगदान का स्मरण कर उन्हें अत्यंत गर्व का अनुभव हो रहा है।











