Gurugram News: हरियाणा के गुरुग्राम में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। फर्रुखनगर इलाके के खेड़ा खुर्मुपुर के पास पुलिस की इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल (ERV) एक खड़े पानी के टैंकर से बुरी तरह टकरा गई। इस भीषण दुर्घटना में दो हेड कॉन्स्टेबल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसका इलाज जारी है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि पुलिस की यह टीम नियमित गश्त पर निकली थी। रात के लगभग 11 बजे जब पुलिस की गाड़ी संख्या-254 सड़क से गुजर रही थी, तभी अंधेरे के कारण चालक को सड़क किनारे खड़ा पानी का टैंकर नहीं दिखा। पुलिस की गाड़ी सीधे टैंकर के पीछे जा टकराई, जिससे गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और अंदर सवार जवान बुरी तरह फंस गए।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया और पुलिसकर्मियों को गाड़ी से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने हेड कॉन्स्टेबल छोटेलाल और हेड कॉन्स्टेबल अनिल को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल कॉन्स्टेबल धर्मेंद्र को मेदांता अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनकी स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है और वे जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा टैंकर चालक की बड़ी लापरवाही का परिणाम है। सड़क पर खड़ा किए गए इस टैंकर में न तो कोई पार्किंग लाइट जल रही थी और न ही सुरक्षा के लिए कोई रिफ्लेक्टर लगाया गया था, जिसकी वजह से अंधेरे में यह दिखाई नहीं दिया। पुलिस ने लापरवाही बरतने वाले टैंकर चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।
दोनों दिवंगत पुलिसकर्मियों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। इस घटना के बाद स्थानीय पुलिस विभाग में शोक की लहर है। गुरुग्राम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और इस मामले में जल्द ही सख्त कानूनी कार्रवाई पूरी की जाएगी।
Author: Shivam Verma
Description










