Hamirpur News: दानवीर भामाशाह की जयंती के अवसर पर सोमवार को ए.पी.जे. अब्दुल कलाम सभागार, हमीरपुर में “व्यापारी कल्याण दिवस” के अंतर्गत “सर्वोच्च राजस्व कर एवं समाज में विशेष योगदान देने वाले व्यापारियों का सम्मान समारोह” गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न वर्गों में सर्वाधिक व्यापार कर (जीएसटी) जमा करने वाले प्रतिष्ठानों को सम्मानित किया गया।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी राकेश कुमार ने की, जबकि नगर पालिका परिषद हमीरपुर के अध्यक्ष कुलदीप निषाद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उपायुक्त राज्य कर कृष्ण प्रकाश की विशेष उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती एवं दानवीर भामाशाह के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण के साथ किया गया। इसके बाद अतिथियों एवं व्यापारी प्रतिनिधियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। संस्कृति विभाग के पंजीकृत कलाकारों ने बुन्देलखण्ड की गौरवशाली संस्कृति एवं इतिहास पर आधारित गीत एवं नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम को सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की।
दानवीर भामाशाह के त्याग और राष्ट्रभक्ति को किया याद
इस अवसर पर सहायक आयुक्त राज्य कर दीपक कुमार सिंह ने दानवीर भामाशाह के त्याग, राष्ट्रभक्ति और अद्वितीय योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन समाजसेवा, उदारता और राष्ट्र समर्पण का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि भामाशाह का आदर्श आज भी समाज और व्यापारिक वर्ग के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है।

व्यापारियों की भूमिका से मजबूत होती है अर्थव्यवस्था : राकेश कुमार
अपर जिलाधिकारी राकेश कुमार ने व्यापारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य और राष्ट्र की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में व्यापारिक समुदाय की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों को गति देने में व्यापारियों का सहयोग अत्यंत सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि व्यापारी समाज के सहयोग से ही सशक्त अर्थव्यवस्था और विकसित राष्ट्र का निर्माण संभव है। साथ ही विश्वास व्यक्त किया कि जनपद के व्यापारी अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए हमीरपुर को विकास के नए आयामों तक पहुंचाने में आगे भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे।
व्यापारी समाज आर्थिक विकास की रीढ़ : कुलदीप निषाद
मुख्य अतिथि एवं नगर पालिका परिषद हमीरपुर के अध्यक्ष कुलदीप निषाद ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा दानवीर भामाशाह की जयंती को “व्यापारी कल्याण दिवस” के रूप में मनाने का निर्णय व्यापारिक समाज के सम्मान और उनके योगदान की औपचारिक मान्यता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि व्यापारी और उद्यमी समाज आर्थिक विकास की रीढ़ हैं तथा उनका सम्मान विकसित प्रदेश और विकसित भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने दानवीर भामाशाह के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि महाराणा प्रताप के संघर्ष के कठिन समय में उन्होंने अपनी समस्त धन-संपदा राष्ट्र और स्वाभिमान की रक्षा के लिए समर्पित कर दी थी। उनका त्याग, समर्पण और राष्ट्रभक्ति आज भी प्रत्येक नागरिक एवं व्यापारी के लिए प्रेरणास्रोत है।
शीर्ष जीएसटी करदाताओं को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान जनपद हमीरपुर के विभिन्न वर्गों में सर्वाधिक व्यापार कर (जीएसटी) जमा करने वाले 10 प्रतिष्ठानों को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों में के.जी. अग्रवाल (अध्यक्ष, उ.प्र. उद्योग व्यापार मंडल), हृदयेश मिश्रा (महामंत्री, भारतीय उद्योग व्यापार मंडल), विवेक गुप्ता, धीरेन्द्र गुप्ता, जितेन्द्र गुप्ता तथा कर अधिवक्ता संघ, हमीरपुर के अध्यक्ष सुनील शर्मा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी, अधिवक्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Author: Shivam Verma
Description










