Hamirpur News: कलेक्ट्रेट परिसर स्थित डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम सभागार में जिलाधिकारी अभिषेक गोयल की अध्यक्षता में ग्राम प्रधानों, ब्लॉक प्रमुखों एवं प्रशासकों के साथ संवाद बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों से सीधे संवाद किया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन से क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत के निर्देश
बैठक के दौरान ग्राम प्रधानों ने जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत न होने का मुद्दा उठाया। इसके साथ ही कई ग्रामों में घरों तक पेयजल आपूर्ति नहीं पहुंचने, विद्युत पोल क्षतिग्रस्त होने, परिषदीय विद्यालयों के ऊपर से हाईटेंशन विद्युत लाइन गुजरने तथा जर्जर विद्यालय भवनों की समस्याएं भी जिलाधिकारी के सामने रखी गईं।
ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव और कीचड़ की समस्या के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं, नलकूपों के संचालन तथा छुट्टा गोवंश के संरक्षण से जुड़ी समस्याओं पर भी जनप्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराया।
जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने जल जीवन मिशन से संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए। जिन ग्रामों में पानी के कनेक्शन दिए जा चुके हैं, वहां प्रत्येक घर तक पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों पर कार्रवाई के निर्देश
विद्युत विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त एवं उखड़े हुए विद्युत पोलों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए। वहीं, परिषदीय विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइनों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी किसी भी समस्या की अनदेखी न हो।
जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायतों में स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश भी दिए। जलभराव वाले स्थानों पर तत्काल सफाई कराने के साथ जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके लिए टाइड ग्रांट की धनराशि का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सफाई कर्मी अपने निर्धारित क्षेत्रों में नियमित रूप से सफाई कार्य करें।
सरकारी बारात घरों से निर्धारित किराया वसूलने के निर्देश
ग्राम पंचायतों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने सरकारी बारात घरों से निर्धारित किराया प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे प्राप्त धनराशि का उपयोग संबंधित बारात घरों के रख-रखाव एवं मरम्मत के कार्यों में किया जा सकेगा।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने छुट्टा गोवंश को तत्काल गौशालाओं में संरक्षित कराने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में नलकूपों का संचालन निर्बाध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।

ग्रामीण समस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे विजय सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकेश खरवार, जिला पंचायत राज अधिकारी सुबोध जोशी सहित समस्त ब्लॉक प्रमुख, विभिन्न ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधान, ब्लॉक प्रशासक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के त्वरित समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि विद्यालयों, संपर्क मार्गों, जलभराव एवं दलदल वाले मार्गों सहित जनसामान्य से जुड़ी समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे ग्रामीणों एवं स्कूली बच्चों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
Author: Shivam Verma
Description










