Home » उत्तर प्रदेश » हरदोई » Hardoi News: बड़े मंगल पर मंदिर में किन्नरों का हंगामा, धक्का-मुक्की के आरोप पर डेढ़ घंटे तक चला विवाद

Hardoi News: बड़े मंगल पर मंदिर में किन्नरों का हंगामा, धक्का-मुक्की के आरोप पर डेढ़ घंटे तक चला विवाद

Facebook
X
WhatsApp

Hardoi News:  शहर के लखनऊ रोड स्थित एक मंदिर में मंगलवार देर शाम बड़े मंगल के अवसर पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पूजा करने पहुंची किन्नरों की टोली ने अपने साथ अभद्रता और धक्का-मुक्की किए जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते मंदिर परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई और करीब डेढ़ घंटे तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप और कार्रवाई के आश्वासन के बाद मामला शांत हो सका।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

पूजा के दौरान विवाद बढ़ा

जानकारी के अनुसार, बड़े मंगल के अवसर पर कांशीराम कॉलोनी निवासी किन्नरों का एक समूह पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचा था। किन्नरों का आरोप है कि वे श्रद्धालुओं की लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की।

किन्नरों ने यह भी आरोप लगाया कि भीड़ के बीच कुछ लोगों ने अनुचित हरकतें कीं, जिससे वे नाराज हो गए। घटना के बाद किन्नरों ने मंदिर परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनकी मांग थी कि जिन लोगों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया है, उन्हें सामने लाकर माफी मंगवाई जाए। मंदिर परिसर में हंगामे की सूचना मिलते ही मंदिर प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

सूचना पर देहात कोतवाली प्रभारी हरिनाथ यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस और मंदिर प्रबंधन लगातार किन्नरों को समझाने में जुटे रहे, लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े रहे।

करीब डेढ़ घंटे तक बातचीत और समझाइश का दौर चलता रहा। अंततः पुलिस ने पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद मामला शांत हुआ। इसके बाद पुलिस ने सभी किन्नरों को ई-रिक्शा से सुरक्षित उनके ठिकाने के लिए रवाना कर दिया।

मंदिर परिसर में लगी रही भीड़

घटना के दौरान मंदिर में पूजा करने आए श्रद्धालुओं के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। बड़ी संख्या में लोग मंदिर परिसर में जमा हो गए थे, जिससे कुछ समय के लिए अव्यवस्था की स्थिति भी बन गई। पुलिस के पहुंचने के बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो सकी।

महंत ने रखा दूसरा पक्ष

मंदिर के महंत नागेंद्र दास ने मामले को लेकर अलग पक्ष रखा। उन्होंने बताया कि आरती के समय मंदिर में काफी भीड़ थी और किन्नर बाहर निकलने वाले रास्ते से अंदर आने का प्रयास कर रहे थे।

महंत के अनुसार, मंदिर के सेवकों ने उन्हें कुछ देर रुकने के लिए कहा था, लेकिन इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

Shivam Verma
Author: Shivam Verma

Description

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबरें