Home » देश-विदेश » Jalaun News: महंगाई, बिजली बिल और किसानों के मुद्दों पर सपा का प्रदर्शन, डीएम कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन

Jalaun News: महंगाई, बिजली बिल और किसानों के मुद्दों पर सपा का प्रदर्शन, डीएम कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन

Facebook
X
WhatsApp

Jalaun News: उत्तर प्रदेश के जालौन जनपद में बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि, बिजली दरों के बढ़ते बोझ और किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर सोमवार को समाजवादी पार्टी (सपा) ने जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने डीएम कार्यालय पहुंचकर केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

अखिलेश यादव के आह्वान पर हुआ प्रदर्शन

समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश सिंह यादव के आह्वान पर आयोजित इस प्रदर्शन में जालौन-गरौठा-भोगनीपुर के सांसद नारायण दास अहिरवार समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने सरकार की नीतियों को आम जनता, किसानों, युवाओं और मजदूरों के हितों के खिलाफ बताया।

महंगाई से आम जनता पर बढ़ा बोझ : सांसद

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सांसद नारायण दास अहिरवार ने कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई ने आम जनता का जीवन प्रभावित कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों, युवाओं और मजदूरों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी की आर्थिक स्थिति पर गंभीर असर डाला है। किसानों के लिए खेती की लागत निकालना कठिन होता जा रहा है, जबकि युवाओं के सामने रोजगार का संकट लगातार गहराता जा रहा है।

बिजली बिल और फसलों के दाम को लेकर जताई नाराजगी

सपा जिलाध्यक्ष दीपराज सिंह गुर्जर ने कहा कि बिजली बिलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जबकि किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने विभिन्न परीक्षाओं में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे युवाओं में भारी आक्रोश व्याप्त है।

उन्होंने सरकार पर जनहित के मुद्दों की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी जनता की आवाज को सड़क से लेकर सदन तक उठाती रहेगी और जनसमस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

ज्ञापन सौंपने के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में डटे रहे कार्यकर्ता

राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपने के बाद समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता करीब एक घंटे तक कलेक्ट्रेट परिसर में मौजूद रहे। इस दौरान सांसद, जिलाध्यक्ष और अन्य नेताओं के साथ कार्यकर्ताओं ने समूहों में फोटो खिंचवाए और वीडियो बनाए।

प्रदर्शन को सोशल मीडिया पर प्रमुखता से प्रदर्शित करने के लिए विभिन्न अंदाज में तस्वीरें ली गईं। कलेक्ट्रेट परिसर में काफी देर तक फोटो सेशन का दौर चलता रहा, जिसकी चर्चा वहां मौजूद लोगों के बीच भी होती रही।

Shivam Verma
Author: Shivam Verma

Description

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबरें