Jhansi News: झांसी जिले के गुरसरांय थाना क्षेत्र में बुधवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। ग्राम डोंडिया निवासी 32 वर्षीय मनीष दुबे की उस वक्त मौत हो गई, जब उनकी मोटरसाइकिल को एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मनीष के साथ सवार उनका साथी प्रिंस वरार (22 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह दर्दनाक घटना रात करीब 10 बजे की है, जब मनीष दुबे और प्रिंस वरार एक शादी समारोह में निमंत्रण देकर ग्राम दखनेश्वर से अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे गढ़वई गांव के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को इतनी जोर से टक्कर मारी कि मनीष की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक की रफ्तार इतनी तेज थी कि मनीष को रौंदते हुए वह फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही गुरसराय पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल प्रिंस वरार को तत्काल एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसराय भिजवाया गया। वहां से डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
मनीष दुबे के अचानक चले जाने से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। छह वर्ष पहले पिता को खो चुके मनीष अब अपनी पत्नी, तीन बेटियों और एक बेटे को पीछे छोड़ गए हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात ट्रक और चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Author: Shivam Verma
Description