Karnataka News: कर्नाटक के तुमकुरु जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां ब्रेकअप की कड़वाहट ने एक खौफनाक मोड़ ले लिया। बेंगलुरु में रहने वाले एक युवक ने अपनी पूर्व प्रेमिका का अपहरण किया और उसे जबरन कार में बैठाकर अंकोला की तरफ ले जाने लगा। रास्ते में दोनों के बीच जमकर विवाद हुआ, जिसके बाद कार में हुए अचानक धमाके में युवक की जलकर दर्दनाक मौत हो गई।
पुलिस जांच के अनुसार, मृतक की पहचान नागेंद्र के रूप में हुई है, जो मूल रूप से अंकोला का रहने वाला था। महिला बेंगलुरु के एक अस्पताल में ओटी टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत है। हाल ही में दोनों के बीच रिश्ते खराब होने के बाद महिला ने युवक का नंबर ब्लॉक कर दिया था, जिससे नागेंद्र बेहद गुस्से में था। शनिवार की सुबह वह महिला के घर पहुंचा और उसे जबरन कैब में अगवा कर लिया।
कैब में सवार होने के बाद नागेंद्र ने महिला को जान से मारने की धमकी दी और खुद को भी खत्म करने का ऐलान किया। नेशनल हाईवे-48 पर चल रही इस कैब में स्थिति तब बिगड़ी जब नागेंद्र ने चाकू से महिला पर हमला कर दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कैब ड्राइवर ने गाड़ी रोकी, जिसके बाद महिला किसी तरह जान बचाकर बाहर कूदने में सफल रही।
महिला के कार से बाहर निकलते ही गाड़ी के अंदर जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई। इस धमाके में नागेंद्र अंदर ही फंस गया और जिंदा जलकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस पूरी वारदात में महिला और टैक्सी ड्राइवर घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस को शक है कि युवक अपने साथ विस्फोटक पदार्थ लेकर आया था, जिससे यह घटना अंजाम दी गई। कल्लामबेला पुलिस ने मौके से विस्फोटक के अंश बरामद किए हैं और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर युवक के पास इतना घातक विस्फोटक कहां से आया और इस साजिश की गहराई क्या थी।











