Kushinagar News: कुशीनगर में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना तरयासुजान पुलिस, थाना तमकुहीराज पुलिस और स्वाट की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। थाना तरयासुजान क्षेत्र में वांछित चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त आशु कुमार यादव को पुलिस मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस ने मौके से एक सरकारी पिस्टल, एक खोखा कारतूस और 08 जिंदा कारतूस मय मैगजीन बरामद किए हैं।
30 अगस्त 2026 को हुई थी गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार कुशीनगर पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज जयन्त यादव के नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में थाना तरयासुजान में पंजीकृत मु0अ0सं0 252/2026, धारा 191(2), 190, 109, 352, 351(3), 324(4) बीएनएस में वांछित चल रहे 50,000 रुपये के इनामी अभियुक्त आशु कुमार यादव पुत्र रामइकबाल यादव, निवासी विन्दवलिया, थाना कुचायकोट, जनपद गोपालगंज, बिहार को दिनांक 30.08.2026 को उपनिरीक्षक विवेक अवस्थी मय टीम द्वारा गिरफ्तार कर दाखिल किया गया था।

पेट में दर्द का बहाना बनाकर पुलिसकर्मी की पिस्टल लेकर भागा
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी के कुछ समय बाद अभियुक्त आशु कुमार यादव ने पेट में असहनीय दर्द होने की बात कही। इसके बाद उसे तत्काल हवालात मर्दाना से निकालकर उपनिरीक्षक रविकान्त सिंह और कांस्टेबल रुपेश यादव की सुपुर्दगी में उपचार के लिए भेजा गया।
उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में अभियुक्त ने बहाना बनाकर पुलिस वाहन से उतरने का प्रयास किया। इसी दौरान उसने उपनिरीक्षक रविकान्त सिंह के पिस्टल होल्स्टर से सरकारी पिस्टल निकाल ली और उसे कॉक कर पुलिसकर्मी पर तान दिया। इसके बाद वह भागने लगा।
झड़वा रेलवे अंडरपास के पास हुई मुठभेड़
अभियुक्त के पुलिस हिरासत से भागने की सूचना मिलते ही थाना तरयासुजान, थाना तमकुहीराज और स्वाट की संयुक्त पुलिस टीमों ने झड़वा रेलवे अंडरपास के समीप घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस टीम द्वारा अभियुक्त को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार इसी दौरान अभियुक्त ने लक्ष्य साधकर पुलिस टीम पर जान मारने की नियत से फायर कर दिया। जवाबी प्रतिरक्षा में पुलिस टीम द्वारा भी फायरिंग की गई। इस दौरान गोली अभियुक्त के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर लिया।

सरकारी पिस्टल समेत कारतूस बरामद
मौके से पुलिस ने एक अदद सरकारी पिस्टल, 01 खोखा कारतूस और 08 जिंदा कारतूस मय मैगजीन बरामद किए हैं। घायल अभियुक्त को पुलिस अभिरक्षा में दवा-इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान
घायल एवं गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान आशु कुमार यादव पुत्र रामइकबाल यादव, निवासी विन्दवलिया, थाना कुचायकोट, जनपद गोपालगंज, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक उसके पास से एक सरकारी पिस्टल, 01 खोखा कारतूस और 08 जिंदा कारतूस मय मैगजीन बरामद किए गए।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष नितिन रघुनाथ श्रीवास्तव थाना तरयासुजान जनपद कुशीनगर मय टीम, प्रभारी निरीक्षक गिरजेश उपाध्याय थाना तमकुहीराज जनपद कुशीनगर मय टीम तथा स्वाट प्रभारी उपनिरीक्षक स्वतंत्र देव सिंह मय टीम शामिल रहे।
इसके अलावा उपनिरीक्षक बृजेश सिंह, थाना तरयासुजान; उपनिरीक्षक भूपेन्द्र प्रसाद, थाना तरयासुजान; उपनिरीक्षक विवेक अवस्थी, थाना तरयासुजान; कांस्टेबल रामनिवास यादव, थाना तरयासुजान; कांस्टेबल रुपेश यादव, थाना तरयासुजान; कांस्टेबल रामलखन यादव, थाना तरयासुजान और कांस्टेबल एजाज अंसारी, थाना तरयासुजान भी पुलिस टीम का हिस्सा रहे।
Author: Shivam Verma
Description









