Lucknow News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने व्यक्तिगत रूप से फरियादियों से मुलाकात कर उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुना तथा अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सरकार किसी भी निर्धन या जरूरतमंद व्यक्ति की शिक्षा आर्थिक अभाव के कारण बाधित नहीं होने देगी। वहीं, अवैध कब्जे और पुलिस की हीलाहवाली से संबंधित शिकायतों पर भी उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
उच्च शिक्षा के लिए मदद मांगने वाली छात्रा को मिला भरोसा
कार्यक्रम में लखनऊ की एक छात्रा अपनी वृद्ध मां के साथ मुख्यमंत्री से मिलने पहुंची। छात्रा ने बताया कि उसने इंटरमीडिएट की परीक्षा अच्छे अंकों से उत्तीर्ण की है और वह आगे बीटेक की पढ़ाई करना चाहती है, लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उसे कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छात्रा की मार्कशीट का अवलोकन किया और उसे पढ़ाई पर पूरा ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छात्रा का प्रवेश लखनऊ के किसी अच्छे संस्थान में कराया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि किसी भी प्रतिभाशाली छात्र-छात्रा की शिक्षा धनाभाव के कारण प्रभावित न हो।
मुख्यमंत्री से सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद छात्रा और उसकी मां ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनका आभार जताया।
अवैध कब्जे और पुलिस शिकायतों पर सख्त हुए मुख्यमंत्री
जनता दर्शन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों ने अवैध कब्जे और पुलिस द्वारा शिकायतों पर उचित कार्रवाई न किए जाने संबंधी प्रार्थना पत्र मुख्यमंत्री को सौंपे। मुख्यमंत्री ने सभी मामलों को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ऐसे मामलों की नियमित मॉनीटरिंग की जाए, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके। साथ ही दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि उनकी शिकायतों का शीघ्र समाधान कराया जाएगा।
पहले स्थानीय अधिकारियों से संपर्क करने की दी सलाह
जनता दर्शन में कुछ ऐसे लोग भी पहुंचे, जिन्होंने अपनी शिकायतों को लेकर सीधे मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनसे पूछा कि उन्होंने अपने जनपद या मंडल स्तर के अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्या रखी है या नहीं।
जब कुछ लोगों ने बताया कि वे सीधे जनता दर्शन में आए हैं, तो मुख्यमंत्री ने उन्हें सलाह दी कि सबसे पहले अपनी शिकायतें जनपद और मंडल स्तर के अधिकारियों के समक्ष रखें। उन्होंने कहा कि वर्तमान में अत्यधिक गर्मी पड़ रही है, इसलिए लोगों को अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कई समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही हो सकता है और इसके लिए संबंधित अधिकारियों से संपर्क करना आवश्यक है।
जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने एक बार फिर अधिकारियों को जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने तथा शिकायतों के निस्तारण में पूरी पारदर्शिता और तत्परता बरतने के निर्देश दिए।
Author: Shivam Verma
Description










