Lucknow News: राजधानी लखनऊ एक बार फिर श्रद्धा और सेवा की मिसाल बनने जा रही है। बड़े मंगल की शुरुआत के साथ ही शहर में जगह-जगह भंडारों का आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इस बार 348 स्थानों पर भंडारों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है, और नगर निगम ने व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है।
महापौर सुषमा खर्कवाल और नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर नगर निगम की टीमें लगातार निगरानी में जुटी हैं। सोमवार को आठों जोनों में अधिकारियों ने भंडारे के संभावित स्थलों का दौरा किया और साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया।
पहले और बाद में सफाई पर विशेष ध्यान
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पी.के. श्रीवास्तव ने जोन-3 के गुलाचीन मंदिर, बड़े हनुमान मंदिर और छोटे हनुमान मंदिर का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई को लेकर सख्त निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कुछ जगहों पर नालियों में सिल्ट और कचरे की मौजूदगी देखी गई, जिस पर मौके पर ही संबंधित सफाई कर्मियों को फटकार लगाई गई और तुरंत सफाई के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के समय जोनल अधिकारी अमरजीत सिंह, सैनिटरी अधिकारी जितेंद्र गांधी, फूड इंस्पेक्टर संचिता मिश्रा, प्रमोद गौतम और कंट्रोल रूम टीम लीडर सुबोध भी मौजूद रहे।

आयोजन स्थलों पर डस्टबिन अनिवार्य
नगर निगम ने सभी आयोजकों को निर्देशित किया है कि वे भंडारे से पहले और बाद में साफ-सफाई सुनिश्चित करें। हर आयोजन स्थल पर डस्टबिन की व्यवस्था अनिवार्य होगी और कूड़ा एकत्र कर समय पर नगर निगम की गाड़ी से उठवाना सुनिश्चित करना होगा। आयोजन में किसी भी तरह की अव्यवस्था या गंदगी पर जिम्मेदार आयोजक के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।
ऐप के जरिए 348 भंडारों का पंजीकरण
नगर निगम की ‘लखनऊ वन’ ऐप और कॉल सेंटर के माध्यम से अब तक 348 स्थानों पर भंडारे पंजीकृत किए जा चुके हैं। इस बार भी बड़े मंगल पर हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की उम्मीद है, इसलिए निगम की टीमें हर मोर्चे पर मुस्तैद हैं।
बड़े मंगल पर भंडारों की शुरुआत लखनऊ से ही हुई थी, इसलिए अवध क्षेत्र में इन भंडारों का उल्लास देखता ही बनता है।











