Lucknow News: लखनऊ में विधान भवन के सामने मंगलवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब समाजवादी पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने सड़क पर लेटकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।

बापू भवन की ओर से पहुंचीं प्रदर्शनकारी महिलाएं
जानकारी के अनुसार, समाजवादी पार्टी की महिला कार्यकर्ता अचानक बापू भवन की ओर से दौड़ते हुए विधान भवन पहुंचीं। इसके बाद उन्होंने मुख्य गेट पर स्थित चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के सामने प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी महिलाएं सड़क पर लेट गईं और लगातार नारेबाजी करती रहीं।
पीएम मोदी और सीएम योगी के खिलाफ लगाए नारे
प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ जमकर नारे लगाए। महिलाओं के हाथों में पोस्टर और तख्तियां भी थीं। इन पोस्टरों पर लिखा था, “महिलाओं का मंगलसूत्र छीनने वाली सरकार नहीं चाहिए।”
अचानक हुए इस प्रदर्शन से विधान भवन के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और वहां मौजूद लोगों में हलचल मच गई।

पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई नोकझोंक
घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को रोकने और वहां से हटाने का प्रयास किया, लेकिन महिलाएं सड़क पर लेटकर प्रदर्शन करती रहीं।
इस दौरान पुलिस और महिला कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की और तीखी नोकझोंक भी हुई। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन महिलाएं अपनी मांगों को लेकर अड़ी रहीं।

आधे घंटे बाद पुलिस ने लिया हिरासत में
करीब आधे घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने कड़ी मशक्कत करते हुए महिला कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया और वहां से हटाया। प्रदर्शन के चलते कुछ देर के लिए विधान भवन के आसपास का माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
Author: Shivam Verma
Description










