Maharashtra News: महाराष्ट्र की राजनीति में इन दिनों हलचल काफी तेज हो गई है। राज्य के पालghar जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां वसई लॉयर्स एसोसिएशन ने कॉकरोच जनता पार्टी यानी सीजेपी के समर्थन में खुलकर आवाज उठाई है। वकीलों के इस संगठन ने साफ कर दिया है कि अगर पार्टी के किसी भी सदस्य के साथ किसी तरह का उत्पीड़न या दमन होता है, तो उनकी कानूनी लड़ाई पूरी तरह से मुफ्त लड़ी जाएगी।
इस अहम फैसले की जानकारी देते हुए एसोसिएशन के प्रवक्ता दिगंबर देसाई ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका का दरवाजा हर नागरिक के लिए खुला रहना चाहिए और उनकी संस्था किसी भी प्रकार के कथित दमन का शिकार हुए लोगों को बिना किसी शुल्क के न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह तैयार खड़ी है।
यह पूरा घटनाक्रम ऐसे वक्त में सामने आया है जब सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके के नेतृत्व में मुंबई के ऐतिहासिक शिवाजी पार्क में एक बड़े प्रदर्शन की तैयारी चल रही है। पार्टी मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कड़ा विरोध प्रदर्शन करने जा रही है। सीजेपी की मुख्य मांग ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा देना है, क्योंकि उनका आरोप है कि निर्वाचन आयोग ने लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ जाकर काम किया है।
हालाँकि, इस प्रदर्शन को लेकर प्रशासन और आयोजकों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। मुंबई पुलिस ने कानून और व्यवस्था का हवाला देते हुए सीजेपी को शिवाजी पार्क में विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति देने से साफ इनकार कर दिया है। इसके बावजूद पार्टी के तेवर ढेले नहीं पड़े हैं और उन्होंने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आगे बढ़ने का संकेत दिया है।
अब देखना यह होगा कि पुलिस की पाबंदियों के बीच सीजेपी अपना प्रदर्शन किस तरह आगे बढ़ाती है और वकीलों के इस समर्थन के बाद राजनीतिक गलियारों में क्या नए समीकरण बनते हैं। स्थानीय प्रशासन और पुलिस इस पूरे मामले पर पैनी नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।










