MP News: मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में बारिश का मौसम सरकारी विद्यालयों के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। जिले के पन्ना जनपद के अंतर्गत आने वाले कई स्कूलों में जलभराव, जर्जर भवन और टपकती छतें विद्यार्थियों तथा शिक्षकों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बनी हुई हैं। कई विद्यालयों की पुरानी इमारतों से बारिश का पानी टपकने के कारण छात्रों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
स्कूलों के आसपास बहते नाले बढ़ा रहे खतरा
पन्ना जिले में आज भी ऐसे विद्यालय मौजूद हैं, जिनके आगे और पीछे से नाले गुजरते हैं। बारिश के दौरान इन नालों में तेज बहाव होने लगता है, जिससे विद्यालय तक पहुंचना जोखिम भरा हो जाता है। विशेष रूप से प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ऐसी परिस्थितियों में किसी भी दिन अप्रिय घटना होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

भसूड़ा माध्यमिक शाला का मामला आया सामने
इसी तरह का एक मामला पहाड़ीखेरा संकुल के ग्राम भसूड़ा स्थित माध्यमिक शाला से सामने आया है। यहां बारिश के कारण विद्यालय परिसर और आसपास जलभराव की स्थिति बनने से छात्रों और शिक्षकों के लिए कक्षा तक पहुंचना भी दुश्वार प्रतीत होता है। विद्यालय की मौजूदा स्थिति स्थानीय स्तर पर चिंता का विषय बनी हुई है।
विद्यालयों की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था की उठी मांग
स्थानीय स्तर पर यह मांग उठ रही है कि शासन और प्रशासन जिले के सभी विद्यालयों की पुरानी इमारतों, टपकती छतों तथा स्कूलों के आसपास से गुजरने वाले नालों के मार्ग का निरीक्षण कर समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश जारी करें। समय रहते आवश्यक मरम्मत और सुरक्षा संबंधी प्रबंध किए जाने से संभावित अप्रिय घटनाओं को रोका जा सकता है तथा विद्यार्थियों और शिक्षकों को सुरक्षित वातावरण में शिक्षा ग्रहण करने की सुविधा मिल सकेगी।
Author: Shivam Verma
Description











