Raebareli News: जिले के लालगंज कोतवाली क्षेत्र में आज सुबह एक दिल दहला देने वाली दुर्घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। रायबरेली रेलवे क्रॉसिंग के पास मौरंग से लदा एक ओवरलोड ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में 12 वर्षीय नितिन केशव की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जो उस समय क्रॉसिंग के पास से गुजर रहा था।
घटना इतनी अचानक और भयावह थी कि वहां मौजूद लोग स्तब्ध रह गए। पल भर में सब कुछ बदल गया। ट्रक के नीचे दबे बच्चे को बचाने के लिए पुलिस और स्थानीय लोग तुरंत हरकत में आए। सूचना मिलते ही लालगंज थाना प्रभारी संजय सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को संभालना शुरू किया।
बाल-बाल बचे थाना प्रभारी
थाना प्रभारी संजय सिंह ने बिना समय गंवाए जेसीबी मशीन मंगवाई और मौरंग हटवाने का कार्य शुरू कराया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही थाना प्रभारी ने स्वयं बच्चे का शव ट्रक के नीचे से निकालकर अलग किया, उसी समय ट्रक जेसीबी मशीन की पकड़ से छूटकर अचानक नीचे गिर पड़ा। अगर थाना प्रभारी कुछ सेकंड और देर करते, तो उनकी जान पर भी बन सकती थी। लोगों ने राहत की सांस ली कि एक बड़ा हादसा टल गया।
थाना प्रभारी संजय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतक नितिन रेलवे क्रॉसिंग के पास से रोज की तरह गुजर रहा था, तभी तेज रफ्तार और ओवरलोड ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। ट्रक और मौरंग के नीचे दबने से मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रक चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ट्रक में क्षमता से कहीं अधिक मौरंग लदी हुई थी, जो हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।











