Salman Khan: बॉलीवुड के दबंग स्टार सलमान खान एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह कुछ अलग और चौंकाने वाली है। देश के सबसे चहेते सितारों में शुमार सलमान खान ने हाल ही में कॉमेडियन कपिल शर्मा के शो द ग्रेट इंडियन कपिल शो में अपनी तबीयत को लेकर एक ऐसा खुलासा किया जिसने उनके करोड़ों फैन्स को हैरानी में डाल दिया।
सलमान खान ने खुलासा किया कि वह एक नहीं बल्कि कई गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें ट्राइजेमिनल न्यूराल्जिया, ब्रेन एन्यूरिज्म और एवी (आर्टेरियोवेनस) मालफॉर्मेशन जैसी जटिल न्यूरोलॉजिकल बीमारियाँ हैं। उन्होंने हँसी के बीच अपने संघर्ष की गंभीरता को बयान करते हुए कहा,
“जितनी भी हड्डियां तुड़वा रहे हैं, पसलियां टूट गई हैं… ट्राइजेमिनल न्यूराल्जिया था। उसका इलाज चल रहा है। एन्यूरिज्म है दिमाग में, उसका इलाज भी चल रहा है। एवी विकृति है, वो भी चल रही है। मैं अभी भी जा रहा हूं – एक्शन सीन, यहाँ कूदना, वहाँ गिरना। चल नहीं सकता लेकिन डांस कर रहा हूं।”
पूरी लगन से कर रहे हैं काम
सलमान खान के मुताबिक, इन बीमारियों के चलते उनका शरीर कई बार जवाब दे देता है, लेकिन फिर भी वह अपने काम को लेकर बेहद समर्पित हैं। उन्होंने कहा कि जब उनका मूड खराब होता है, तब बीमारियाँ उन्हें और ज्यादा तकलीफ देती हैं। इसके बावजूद वह लगातार फिल्मों में काम कर रहे हैं, स्टंट कर रहे हैं और शूटिंग में हिस्सा ले रहे हैं।
क्या है ब्रेन एन्यूरिज्म और एवी मालफॉर्मेशन?
सलमान खान को जिन बीमारियों का सामना करना पड़ रहा है, उनमें से दो बेहद गंभीर मानी जाती हैं।
- ब्रेन एन्यूरिज्म (Brain Aneurysm) – यह मस्तिष्क में स्थित एक कमजोर रक्तवाहिका में उभार होता है, जो कभी भी फट सकता है और इससे रक्तस्राव होने का खतरा रहता है। यह स्थिति जानलेवा हो सकती है और तुरंत इलाज की जरूरत होती है।
- एवी मालफॉर्मेशन (AV Malformation) – इसे आर्टेरियोवेनस मालफॉर्मेशन भी कहा जाता है। यह मस्तिष्क की रक्त वाहिकाओं में एक असामान्य उलझन होती है, जो सामान्य रक्त प्रवाह को प्रभावित करती है और मस्तिष्क में दबाव या रक्तस्राव जैसी जटिलताएँ उत्पन्न कर सकती है।
इन दोनों ही स्थितियों का इलाज चुनौतीपूर्ण होता है और समय पर चिकित्सकीय हस्तक्षेप जरूरी होता है।
फैंस हुए भावुक, कर रहे सलमान के लिए दुआएं
सलमान खान की इस जानकारी के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनके चाहने वाले भावुक हो गए हैं। फैन्स लगातार उनके जल्दी स्वस्थ होने की दुआएं कर रहे हैं और उनकी जुझारू भावना की सराहना भी कर रहे हैं। हालांकि सलमान खान ने अपने इस खुलासे को बहुत सहज अंदाज़ में पेश किया, लेकिन जो लोग उनकी हालत के बारे में जान रहे हैं, वे यह भलीभांति समझ सकते हैं कि उनके लिए यह दौर कितना कठिन रहा होगा। इसके बावजूद उनका दृढ़ संकल्प और मेहनत उनके असली ‘टाइगर’ होने का प्रमाण है।











