Home » उत्तर प्रदेश » सीतापुर » Sitapur News: किसान मजदूर संगठन ने उठाई आवाज, मांगें पूरी न होने पर 15 सितंबर को मुख्यमंत्री आवास तक पैदल मार्च की चेतावनी

Sitapur News: किसान मजदूर संगठन ने उठाई आवाज, मांगें पूरी न होने पर 15 सितंबर को मुख्यमंत्री आवास तक पैदल मार्च की चेतावनी

Facebook
X
WhatsApp

Sitapur News: तहसील लहरपुर क्षेत्र की विभिन्न गंभीर और लंबित समस्याओं को लेकर राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन (उ.प्र.) ने प्रशासन के सामने आवाज बुलंद की है। संगठन ने जिलाधिकारी सीतापुर को उपजिलाधिकारी लहरपुर के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की है। संगठन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 15 सितंबर 2026 तक मांगों का निस्तारण नहीं किया गया, तो लहरपुर गेट से कसमंडा, खैराबाद होते हुए लखनऊ में मुख्यमंत्री से मिलने के लिए पैदल मार्च किया जाएगा।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

संगठन के युवा मण्डल अध्यक्ष अजीत कुमार वर्मा और पुष्पा देवी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने प्रशासन को दिए ज्ञापनों में क्षेत्र की कई समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। संगठन का कहना है कि निर्धारित समय तक समस्याओं का समाधान नहीं होने पर होने वाले पैदल मार्च की पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

घुमन्तू समाज के लोगों के प्रमाण पत्र बनवाने की मांग

ज्ञापन में लहरपुर कस्बे में रह रहे घुमन्तू समाज के लोगों की स्थिति का मुद्दा भी उठाया गया है। संगठन के अनुसार, बुनियादी सुविधाओं के अभाव में यह समाज कठिन परिस्थितियों में जीवन बिताने को मजबूर है। जाति प्रमाण पत्र नहीं बनने के कारण उनके बच्चों को स्कूलों में प्रवेश मिलने में परेशानी हो रही है।

संगठन ने बताया कि अशिक्षा के चलते कई बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र और आधार कार्ड तक नहीं बन सके हैं। ऐसे में संगठन ने प्रशासन से जांच कराकर संबंधित लोगों के जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र जल्द बनवाने की मांग की है।

घाघरा नदी के कटान से गांव पर मंडरा रहा खतरा

ग्राम अकबापुर मजरा जगमालपुर, विकास खण्ड लहरपुर में घाघरा नदी के कटान का मामला भी ज्ञापन में प्रमुखता से उठाया गया है। संगठन के मुताबिक, नदी के कटान के चलते गांव का पूर्वी हिस्सा पहले ही नदी में विलीन हो चुका है। अब नदी दोबारा गांव के बेहद करीब से तेजी से कटान कर रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में कई बार उच्चाधिकारियों को जानकारी दी जा चुकी है, लेकिन सिंचाई विभाग की ओर से कटान को रोकने के लिए आवश्यक प्रबंध नहीं किए गए हैं। संगठन ने गांव को संभावित नुकसान से बचाने के लिए तत्काल बचाव कार्य शुरू कराने की मांग की है।

भूमिहीन महिलाओं को कृषि और आवासीय पट्टा देने की मांग

संगठन ने लहरपुर क्षेत्र के रूद्रायन भव्नाथपुर, दारानगर, खानपुर सादात, गौरिया प्रहलादपुर, उदनापुरकला समेत अन्य गांवों की गरीब, विधवा, एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग की भूमिहीन महिलाओं का मुद्दा भी उठाया है।

संगठन ने मांग की है कि ऐसी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ग्राम सभा की उपलब्ध भूमि में से कृषि योग्य भूमि का पट्टा खेती के लिए और आवासीय पट्टा घर बनाने के लिए आवंटित किया जाए।

पट्टा आवंटन में पारदर्शिता की मांग

ज्ञापन में पट्टा आवंटन की प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने की मांग की गई है। संगठन ने बिचौलियों और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल रोक लगाने की मांग करते हुए कहा कि वास्तविक पात्र महिलाओं की जांच और सत्यापन के बाद ही उन्हें पट्टा आवंटित किया जाए।

संगठन का कहना है कि पात्र लाभार्थियों की पहचान निष्पक्ष तरीके से कराकर जल्द से जल्द पट्टा वितरण की प्रक्रिया पूरी की जानी चाहिए।

दर्जनों ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने किए हस्ताक्षर

ज्ञापनों पर अजीत कुमार वर्मा और पुष्पा देवी के अलावा बाबूराम, सूरज, सुमित वर्मा, रामप्रकाश, रमेश, कोमल, दिलीप कुमार, राजकिशोर, हेतराम, सुशील कुमार, दिनेश कुमार और राम बहादुर वर्मा सहित दर्जनों ग्रामीणों एवं संगठन कार्यकर्ताओं के हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान मौजूद रहे।

संगठन ने प्रशासन से सभी उठाई गई समस्याओं का 15 सितंबर 2026 तक निस्तारण करने की मांग की है। निर्धारित समय तक समाधान नहीं होने पर लहरपुर से लखनऊ तक पैदल मार्च की चेतावनी दी गई है।

रिपोर्ट: अभिषेक मिश्रा, लहरपुर, सीतापुर

Shivam Verma
Author: Shivam Verma

Description

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबरें