Sitapur News: विधानसभा क्षेत्र लहरपुर में आयोजित गविष्टि (गो-रक्षार्थ धर्मयुद्ध) यात्रा के दौरान रविवार को श्रद्धा, आस्था और धार्मिक उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। ज्योतिषपीठ के परमपूज्य जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी श्री अविमुक्तेश्वरानन्द सरस्वती ‘1008’ जी महाराज तथा पूज्य श्री गोपाल मणि जी महाराज के पावन आगमन पर क्षेत्रवासियों ने उनका भव्य और भावपूर्ण स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने पलक-पावड़े बिछाकर संतों का अभिनंदन किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
श्रद्धा और अनुशासन का दिखा अद्भुत संगम
कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। संतों के दर्शन और गो-रक्षार्थ दिए गए संदेश को सुनने के लिए लोग पूरे धैर्य और अनुशासन के साथ पंडाल में डटे रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह ने शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखते हुए धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दिया। पूरे आयोजन में श्रद्धा और आध्यात्मिक वातावरण का विशेष प्रभाव देखने को मिला।
जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने किया संतों का स्वागत
गविष्टि यात्रा के स्वागत समारोह में विधायक अनिल वर्मा, अतुल वर्मा, भागीरथ मौर्य सहित कई प्रमुख समाजसेवी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने पूज्य संतों का माल्यार्पण कर उनका सम्मान किया और उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने संतों के गो-रक्षार्थ संकल्प को आगे बढ़ाने का भी संकल्प लिया।
रिपोर्टर: अभिषेक मिश्रा, लहरपुर (सीतापुर)
Author: Shivam Verma
Description










