बछरावां (रायबरेली): बछरावां थाना क्षेत्र में दो दिन पूर्व लापता हुई 21 वर्षीय युवती का शव सई नदी में मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने मृतका की पहचान कर ली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर लगभग 3 बजे सिंघनईखेड़ा के पास सई नदी में एक युवती का शव उतराता हुआ देखा गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाया और पहचान के लिए आसपास के गांवों में सूचना भेजी।
मृतका की पहचान मदखेड़ा गांव निवासी संत कैलाश की पुत्री रेनू उर्फ जूली (21) के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि दो दिन पूर्व किसी बात को लेकर रेनू नाराज होकर घर से चली गई थी। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने बछरावां थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
थाना प्रभारी पंकज त्यागी ने बताया कि युवती की गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले से दर्ज थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट रूप से पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। परिजन गहरे सदमे में हैं, वहीं ग्रामीणों में भी भय और चिंता का माहौल है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है कि यह आत्महत्या है या फिर किसी साजिश के तहत उसे मारा गया है। स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
संवाददाता – देवराज,
रायबरेली











