Translate Your Language :

Home » उत्तर प्रदेश » Varanasi News: काशी में फिर बजेगा विकास का डमरू, 28 अप्रैल को PM मोदी देंगे 6000 करोड़ की सौगात

Varanasi News: काशी में फिर बजेगा विकास का डमरू, 28 अप्रैल को PM मोदी देंगे 6000 करोड़ की सौगात

Facebook
X
WhatsApp

Varanasi News: धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी एक बार फिर अपने सांसद और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत के लिए तैयार है। 28 अप्रैल को प्रधानमंत्री दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचेंगे। इस दौरान वे ‘बरेका’ (BLW) मैदान से पूर्वांचल को 6000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। प्रधानमंत्री का यह दौरा न केवल राजनीतिक बल्कि विकास के लिहाज से भी बेहद अहम माना जा रहा है। शहर में इसे लेकर उत्साह का माहौल है और प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

सिग्नेचर ब्रिज समेत कई बड़ी परियोजनाओं का शिलान्यास

प्रधानमंत्री के इस दौरे का प्रमुख आकर्षण गंगा नदी पर बनने वाला ‘सिग्नेचर ब्रिज’ होगा। करीब 2460 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस पुल का शिलान्यास स्वयं प्रधानमंत्री करेंगे। इसके अलावा काशी के इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ्य सेवाओं और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने वाली कई परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया जाएगा।

लोकार्पण सूची में कज्जाकपुरा और कादीपुर रेल ओवर ब्रिज, बीएचयू में क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU), रामनगर स्थित वृद्धाश्रम जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट शामिल हैं। वहीं चंद्रावती क्षेत्र में हुए विकास कार्यों और यूपी कॉलेज में बने अंतरराष्ट्रीय स्तर के एस्ट्रो टर्फ मैदान को भी जनता को समर्पित किया जाएगा।

बरेका मैदान में जनसभा, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

प्रधानमंत्री बरेका मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे, जहां बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है। इसे देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को बेहद सख्त किया गया है। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया है।

प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर पहुंचने के बाद हेलीकॉप्टर के जरिए सीधे बरेका मैदान जाएंगे। सभा स्थल, पार्किंग, हेलीपैड और वीवीआईपी एंट्री प्वाइंट्स पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं और ड्रोन से भी निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।

पीएमओ की सीधी निगरानी में परियोजनाओं की समीक्षा

प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) भी सक्रिय भूमिका में है। दिल्ली से ही वाराणसी में चल रही परियोजनाओं की लगातार समीक्षा की जा रही है। पिछले दो दिनों से उच्चस्तरीय बैठकों के माध्यम से 17,862 करोड़ रुपये की 127 परियोजनाओं की प्रगति पर नजर रखी जा रही है।

अधिकारियों ने प्रस्तुतिकरण के जरिए बताया है कि कौन-कौन सी योजनाएं पूरी हो चुकी हैं और किन परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाना प्रस्तावित है। इस दौरान 97 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नगर निगम भवन और 259 करोड़ रुपये की सीवर व पेयजल परियोजनाएं भी प्रमुख चर्चा में हैं।

विशेष ट्रैफिक प्लान लागू, शहर में बढ़ी चौकसी

प्रधानमंत्री के दौरे को ध्यान में रखते हुए वाराणसी में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा। वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान आम नागरिकों को असुविधा न हो, इसके लिए कई मार्गों पर डायवर्जन और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है।

बरेका क्षेत्र के आसपास पार्किंग के विशेष इंतजाम किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं के लिए मार्ग हर स्थिति में खुला रखा जाए। शहर के प्रमुख चौराहों को सजाया जा रहा है और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है।

काशी में रात्रि विश्राम, स्थानीय कार्यक्रमों की संभावना

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री 28 अप्रैल की रात वाराणसी में ही ठहरेंगे। इस दौरान उनके कुछ अनौपचारिक कार्यक्रम भी हो सकते हैं, जिनमें विकास कार्यों का निरीक्षण या स्थानीय नागरिकों से मुलाकात शामिल हो सकती है।

अधिकारियों के बीच समन्वय बनाए रखने के लिए लगातार बैठकें की जा रही हैं। अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। काशी अब प्रधानमंत्री के आगमन का इंतजार कर रही है, जहां एक बार फिर विकास की नई योजनाओं की शुरुआत होने जा रही है।

Shivam Verma
Author: Shivam Verma

Description

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबरें