Kushinagar News: जनपद में जनता की शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से तहसील पडरौना में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी महेन्द्र सिंह तंवर एवं पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने उपस्थित फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे टीम बनाकर मौके पर जाएं और प्राप्त शिकायतों का निष्पक्ष एवं शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

वहीं, पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने भी सभी उपस्थित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायती प्रार्थना पत्रों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जिन प्रार्थना पत्रों का निस्तारण उच्चाधिकारी स्तर पर किया जाना है, उन पर आवश्यक रिपोर्ट लगाकर संबंधित अधिकारियों को शीघ्र प्रेषित किया जाए, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान अधिकारियों ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए, जिससे आमजन को राहत मिल सके।
Author: Shivam Verma
Description










