Chandauli News: चकिया क्षेत्र में बुधवार को रानी अहिल्याबाई होल्कर की जयंती के अवसर पर एक भव्य महिला सशक्तिकरण गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस आयोजन ने न सिर्फ ऐतिहासिक महापुरुषों की विरासत को याद किया, बल्कि स्थानीय संस्कृति और जनता की कर्मठता को भी मंच पर सराहा गया।
गोष्ठी का आयोजन चकिया क्षेत्र पंचायत कार्यालय परिसर में ब्लॉक प्रमुख शंभू नाथ सिंह यादव के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। शुभारंभ सांसद साधना सिंह और ब्लॉक प्रमुख शंभू नाथ सिंह यादव द्वारा रानी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात सरस्वती वंदना के मधुर गायन ने माहौल को भावनात्मक और श्रद्धा से परिपूर्ण कर दिया।
चकिया की मिट्टी को बताया पावन
सभा को संबोधित करते हुए सांसद साधना सिंह ने चकिया की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि चकिया की धरती सचमुच राजा की चकिया है, क्योंकि यहाँ के लोग आत्मनिर्भर, कर्मठ और समाज के प्रति जागरूक हैं। उन्होंने विशेष रूप से देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का उल्लेख करते हुए कहा कि यह वही भूमि है, जहाँ से ऐसे महान नेता ने राष्ट्रसेवा की प्रेरणा ली। उन्होंने चकिया की जनता के जुझारूपन और सांस्कृतिक धरोहर की सराहना की।
रानी अहिल्याबाई होल्कर के आदर्शों पर चलने का आह्वान
सांसद साधना सिंह ने अपने संबोधन में रानी अहिल्याबाई होल्कर के जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि कैसे रानी ने कठिन परिस्थितियों में भी अपनी प्रशासनिक सूझबूझ, न्यायप्रियता और समाज कल्याण की भावना से एक आदर्श शासन प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि रानी अहिल्याबाई ने महिलाओं को समाज में सम्मान और पहचान दिलाने का कार्य किया। साधना सिंह ने उपस्थित महिलाओं से आग्रह किया कि वे रानी के जीवन से प्रेरणा लें और समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
संघर्ष से सफलता की कहानी
ब्लॉक प्रमुख शंभू नाथ सिंह यादव ने भी अपने विचार रखते हुए रानी अहिल्याबाई के जीवन में आए संघर्षों और उनके धैर्य का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जीवन में चाहे जितनी भी कठिनाइयाँ आएं, अगर आत्मबल और साहस हो, तो हर चुनौती का सामना किया जा सकता है। उन्होंने महिलाओं से समाज कल्याण के कार्यों में भागीदारी की अपील की।
ग्राम प्रधान सीमा गुप्ता को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उत्कृष्ट कार्यों के लिए चयनित ग्राम पंचायत सिकंदरपुर की प्रधान श्रीमती सीमा गुप्ता को राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने मंच से सम्मानित किया। उन्हें प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की गई।
कार्यक्रम में रही विशिष्ट उपस्थिति
इस विशेष अवसर पर खण्ड विकास अधिकारी विकास सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष काशीनाथ सिंह, चकिया नगर पंचायत चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव, जिला पंचायत सदस्य दीपक पासवान, मंडल अध्यक्ष त्रिलोकी बिंद, आशु गुप्ता, आशीष पाठक, अनीता शर्मा, मीना विश्वकर्मा, प्रधान सीमा गुप्ता, मुजहत परवीन, सत्यप्रकाश गुप्ता, जितेंद्र पांडे, राजेश पटेल, चंद्रप्रकाश उपाध्याय, हसमतुल्लाह, उपेंद्र सिंह, रंगलाल मौर्य, सलीम सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला उपाध्यक्ष डॉ. प्रदीप मौर्य और नवीन सोनकर ने कुशलता से किया। इस गोष्ठी ने न केवल एक ऐतिहासिक शख्सियत को श्रद्धांजलि दी, बल्कि स्थानीय स्तर पर महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता को भी नई ऊर्जा प्रदान की।

Author: Shivam Verma
Description