Sitapur News: सीतापुर के थाना महमूदाबाद क्षेत्र में सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। रामपुर मथुरा रोड स्थित आनंद पेट्रोल पम्प के पास तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवार मजदूर को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
ट्रक ने मारी टक्कर
मिली जानकारी के अनुसार ट्रक नंबर UP 72 K 9683 ने साइकिल से घर लौट रहे मजदूर को सामने से जोरदार टक्कर मारी। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए व्यक्ति की पहचान मुर्तजा (उम्र लगभग 37 वर्ष), पुत्र मुस्तफा, निवासी नूरपुर, महमूदाबाद के रूप में हुई है।
मुर्तजा प्रतिदिन की तरह मजदूरी कर साइकिल से घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक की टक्कर लगते ही मुर्तजा दूर जा गिरे और गंभीर रूप से चोटिल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) महमूदाबाद ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष आमिर अरफात भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायज़ा लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
Author: Shivam Verma
Description











