Aligarh News: शहर के बन्ना देवी थाना क्षेत्र स्थित सुरक्षा विहार में दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने डेयरी पर बैठे एक युवक को निशाना बनाते हुए गोलियां चलाईं। गनीमत रही कि इस हमले में युवक बाल-बाल बच गया और कोई जनहानि नहीं हुई।
डेयरी पर बैठे युवक पर अचानक हमला
जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब युवक अपनी डेयरी पर बैठकर काम कर रहा था। तभी बाइक पर सवार होकर आए तीन नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे और पिस्टल से उस पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से आसपास के लोग दहशत में आ गए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। प्राथमिक जांच में यह मामला आपसी विवाद और पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
पुलिस जांच में जुटी, इलाके की घेराबंदी
घटना की सूचना मिलते ही थाना बन्ना देवी पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी (सीओ) धनंजय सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस टीम को जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।
बताया जा रहा है कि पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस इन्हीं फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। खास बात यह है कि यह घटना सीओ कार्यालय से महज 300 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
बाईट:- धनंजय सिंह, क्षेत्राधिकारी (सीओ), अलीगढ़
Author: Shivam Verma
Description










