Azamgarh News: आजमगढ़ जनपद में सोशल मीडिया के माध्यम से मिले सुसाइड अलर्ट पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने एक 19 वर्षीय युवती की जान बचा ली। इस सराहनीय कार्य के लिए थाना सिधारी के उपनिरीक्षक जावेद सिद्दीकी को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा सम्मानित किया गया।
इंस्टाग्राम अलर्ट पर 8 मिनट में पहुंची पुलिस
घटना दिनांक 03.04.2026 की है, जब थाना सिधारी क्षेत्र की एक 19 वर्षीय युवती ने मानसिक तनाव के चलते इंस्टाग्राम पर आत्महत्या से संबंधित वीडियो पोस्ट किया। इस पोस्ट के आधार पर मेटा कंपनी की ओर से सुसाइड अलर्ट प्राप्त हुआ। अलर्ट मिलते ही आजमगढ़ पुलिस ने बिना समय गंवाए तत्काल कार्रवाई शुरू की।
पुलिस टीम महज 08 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गई, जहां युवती बेहोशी की हालत में मिली। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां समय रहते इलाज मिलने से उसकी जान बच गई। उपचार के बाद पुलिस द्वारा युवती की काउंसलिंग भी कराई गई। काउंसलिंग के दौरान युवती ने भविष्य में ऐसा कदम न उठाने का आश्वासन दिया। इस दौरान परिजनों ने पुलिस की त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया।
उपनिरीक्षक जावेद सिद्दीकी को प्रशस्ति पत्र
इस सराहनीय कार्य के लिए दिनांक 07.04.2026 को पुलिस कार्यालय आजमगढ़ में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने थाना सिधारी के उपनिरीक्षक जावेद सिद्दीकी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सोशल मीडिया से प्राप्त ऐसे संवेदनशील अलर्ट पर आजमगढ़ पुलिस तत्परता से कार्रवाई करते हुए मानव जीवन की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर कौस्तुभ त्रिपाठी भी उपस्थित रहे।
Author: Shivam Verma
Description










