Etah News: जनपद के थाना मारहरा क्षेत्र में बुधवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मारहरा-नदरई मार्ग पर एक चलती डिस्कवर बाइक अचानक आग का गोला बन गई। राहत की बात यह रही कि बाइक सवार युवक ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली, जिससे एक गंभीर दुर्घटना टल गई।
कासगंज से लौटते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहल्ला ब्रह्मपुरी निवासी राहुल सिसोदिया कासगंज स्थित बजाज कंपनी में कार्यरत हैं। बुधवार रात ड्यूटी समाप्त करने के बाद वह अपनी बाइक (UP 16 AZ 8327) से घर मारहरा लौट रहे थे। जैसे ही वह मारहरा-नदरई मार्ग पर गांव कुँवादगंज मोड़ के पास पहुंचे, अचानक उनकी बाइक बंद हो गई।
वायरिंग में चिंगारी से भड़की आग
राहुल ने बाइक को दोबारा स्टार्ट करने की कोशिश की। इसी दौरान बाइक की वायरिंग से तेज चिंगारी निकली और कुछ ही क्षणों में बाइक ने आग पकड़ ली। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी बाइक कुछ ही देर में आग की लपटों में घिर गई। स्थिति को भांपते हुए राहुल ने तुरंत बाइक से कूदकर अपनी जान बचाई।
घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 और मारहरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की।
शॉर्ट-सर्किट की आशंका
मारहरा थानाध्यक्ष के.के. लोधी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि बाइक पुरानी थी और शॉर्ट-सर्किट के कारण वायरिंग में आग लगी। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। चालक की सूझबूझ से एक बड़ी अनहोनी टल गई, लेकिन यह मामला पुराने वाहनों के नियमित रखरखाव और जांच की आवश्यकता की ओर संकेत करता है।
Author: Shivam Verma
Description










