Sultanpur News: कोतवाली देहात क्षेत्र के कुछमुछ गांव स्थित जंगल में शुक्रवार सुबह भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। गोमती नदी के किनारे फैला लगभग 6 किलोमीटर का वन क्षेत्र आग की चपेट में आ गया है। आग बुझाने के लिए ग्रामीणों के साथ-साथ फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे कुछमुछ और भटपुरवा गांवों के बीच एक नाले के पास अज्ञात कारणों से आग लग गई। उस समय चल रही तेज पछुआ हवा ने आग को तेजी से फैलने में मदद की। देखते ही देखते आग कुछमुछ की निषाद बस्ती की ओर बढ़ने लगी, जिससे स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
भटपुरवा की ओर बढ़ीं लपटें, खेतों को हुआ नुकसान
तेज हवा के कारण आग ने भटपुरवा गांव की दिशा पकड़ ली। आग की लपटें लालता प्रसाद और मनोरथ के खेतों तक पहुंच गईं, जहां लगभग एक बीघा गेहूं का कटा हुआ भूसा जलकर राख हो गया। ग्रामीणों की तत्परता से खेतों में लगी आग पर किसी तरह काबू पाया गया, जिससे बड़े नुकसान को टाला जा सका।
खेतों में आग नियंत्रित करने के बाद ग्रामीणों ने सामूहिक प्रयास करते हुए आग को भटपुरवा गांव की ओर बढ़ने से रोकने के लिए मोर्चा संभाला। लगातार प्रयासों के चलते स्थिति को काबू में लाने की कोशिश जारी है।
प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर तैनात
घटना की सूचना मिलते ही लम्भुआ क्षेत्राधिकारी ऋतिक कपूर ने तत्काल फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को मौके पर भेजा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शहर से भी अतिरिक्त फायर ब्रिगेड वाहन बुलाए गए। फायर ब्रिगेड के दो बड़े और एक छोटे वाहन, कोतवाली देहात पुलिस और ग्रामीणों के साथ मिलकर करीब तीन घंटे से आग बुझाने में जुटे हुए हैं।
देहात कोतवाल धर्मबीर सिंह ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। फायर ब्रिगेड के साथ मिलकर आग पर काबू पाने का प्रयास लगातार जारी है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य तेजी से चल रहा है।
Author: Shivam Verma
Description










