Bulandshahr News: यूपी के बुलंदशहर जनपद के सिकंद्राबाद क्षेत्र में देर रात पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच जोरदार मुठभेड़ हो गई। इस एनकाउंटर में दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
घायल बदमाशों की पहचान जोखाबाद सिकंद्राबाद निवासी यश भाटी और फरीदपुर थाना सिकंद्राबाद निवासी गगन के रूप में हुई है। दोनों आरोपी 6 मई को हुई फायरिंग की वारदात में वांछित चल रहे थे।
दोस्तों ने ही दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार, 6 मई को सिकंद्राबाद हाईवे स्थित कैप्टन होटल एंड रेस्टोरेंट पर एक सनसनीखेज घटना सामने आई थी। यहां खाना खा रहे प्रशांत यादव और रोबिन को फोन कर होटल के बाहर बुलाया गया था। जैसे ही दोनों बाहर पहुंचे, उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई।
फायरिंग में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जांच में सामने आया कि इस वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी कोई और नहीं, बल्कि पीड़ितों के ही दोस्त यश भाटी और गगन थे। घटना के बाद से दोनों फरार चल रहे थे और पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई थी।
चेकिंग के दौरान पुलिस पर की फायरिंग
बीती रात सिकंद्राबाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र प्रताप सिंह और स्वाट टीम प्रभारी संदीप कुमार की टीम गुलावठी अंडरपास के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए।
पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों बाइक मोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई और वे मौके पर ही गिर पड़े।
हथियार और बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक पिस्टल, एक तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद की है। सीओ प्रखर पांडेय ने बताया कि दोनों आरोपी 48 घंटे पहले हुई फायरिंग की घटना में शामिल थे और लगातार पुलिस से बचने की कोशिश कर रहे थे।
घायल बदमाशों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस अब इस वारदात से जुड़े पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
Author: Shivam Verma
Description










