Sitapur News: यूपी के सीतापुर जिले के रामकोट इलाके में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। पत्नी से चल रहे विवाद और ससुराल पक्ष के प्रति नाराजगी में एक व्यक्ति ने अपने ही साले की गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को नहर किनारे गड्ढा खोदकर छिपा दिया और फिर सामान्य व्यवहार करते हुए ससुराल लौट आया। इतना ही नहीं, वह दो दिन तक परिवार वालों के साथ मिलकर युवक की तलाश भी करता रहा।
शक गहराने पर पुलिस ने आरोपी से सख्ती से पूछताछ की, जिसके बाद उसने हत्या की वारदात कबूल कर ली। रामकोट पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच कर रही है।
रिश्तेदारी से लौटने पर घर से गायब मिला बेटा
रामकोट क्षेत्र के मैनासी सरैया निवासी चिंताराम के अनुसार, वह बुधवार को अपनी पत्नी अनीता के साथ फर्रुखाबाद स्थित रिश्तेदारी में गए थे। घर पर उनका बेटा सूरज कुमार (19), बेटी सुधा और दामाद रमेश कुमार मौजूद थे। रमेश कुमार रामकोट के ही कप्तान हबीबपुर गांव का निवासी है।
गुरुवार को जब चिंताराम और उनकी पत्नी घर लौटे तो उनका बेटा सूरज घर पर नहीं मिला। उन्होंने बेटी और दामाद से पूछताछ की, लेकिन सूरज के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश की गई, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं लगा।
गुमशुदगी दर्ज होने के बाद भी तलाश में शामिल रहा आरोपी
सूरज का पता न चलने पर गुरुवार को रामकोट थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई। इस दौरान आरोपी रमेश भी परिवार के साथ सूरज की तलाश करने का दिखावा करता रहा।
इसी बीच ग्रामीणों ने परिवार को जानकारी दी कि बुधवार शाम रमेश को सूरज के साथ बाइक पर जाते हुए देखा गया था। यह सूचना मिलने के बाद परिवार ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी रमेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पूछताछ में कबूला हत्या का जुर्म
पुलिस पूछताछ में आरोपी रमेश ने बताया कि वह पत्नी से आए दिन होने वाले झगड़ों से परेशान था और इसी कारण ससुराल पक्ष से नाराज रहता था। उसने बताया कि बुधवार शाम वह बहाने से सूरज को नहर किनारे ले गया, जहां उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को गड्ढे में दबाकर वह वापस घर लौट आया।
थाना प्रभारी के मुताबिक आरोपी की निशानदेही पर शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पत्नी को पहले भी प्रताड़ित कर चुका था आरोपी
परिवार वालों के अनुसार, सुधा की शादी करीब 14 वर्ष पहले रमेश के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही रमेश उस पर अत्याचार करता था और अक्सर मारपीट करता था। परिजनों ने बताया कि कुछ समय पहले रमेश ने सुधा की पिटाई कर उसे जान से मारने की नीयत से एक बक्से में बंद कर दिया था। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब जाकर बक्सा खोला गया और उसकी जान बच सकी।
लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर सुधा काफी समय पहले मायके आकर रहने लगी थी। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले रमेश भी ससुराल में आकर रहने लगा था।
Author: Shivam Verma
Description










