Moradabad News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद के थाना मूढ़ापांडे क्षेत्र में शराब के उधार पैसों के लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। घटना को लेकर दोनों ओर से थाना पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
शराब के उधार पैसों को लेकर बढ़ा विवाद
पहले पक्ष की ओर से ग्राम मिलक निवासी रवेन्द्र सिंह ने आरोप लगाया कि वह एक शराब की दुकान पर सेल्समैन के रूप में कार्य करते हैं। उनके अनुसार मूढ़ापांडे निवासी शिवकुमार उर्फ राघव पर शराब के कुछ रुपये उधार थे। रवेन्द्र सिंह का कहना है कि जब उन्होंने अपने पैसे मांगे तो उनके साथ मारपीट की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
दूसरे पक्ष ने भी लगाए गंभीर आरोप
वहीं दूसरे पक्ष से प्रधान पति शिवकुमार सिंह ने भी अपनी ओर से गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पैसों के लेनदेन को लेकर विक्की जैन से कहासुनी हुई थी। शिवकुमार सिंह के मुताबिक विवाद के दौरान उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की गई। आरोप है कि इसके बाद कुछ लोग उनके घर पहुंचे और वहां गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत कराया।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना के बाद दोनों पक्षों ने थाना मूढ़ापांडे पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार जांच के आधार पर आगे की उचित कार्रवाई की जाएगी।
Author: Shivam Verma
Description










