Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के बाद अब विभागों के बंटवारे को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंत्रियों को विभाग आवंटित करने में हो रही देरी पर योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यूपी में मंत्रियों के नाम के बाद अब उनके विभागों की ‘पर्ची’ भी ऊपर से ही आएगी।
10 मई को हुआ था कैबिनेट विस्तार
योगी सरकार का कैबिनेट विस्तार बीते 10 मई को किया गया था। इस विस्तार में 6 नए मंत्रियों को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया, जबकि दो राज्यमंत्रियों को प्रमोट कर स्वतंत्र प्रभार मंत्री बनाया गया। हालांकि, मंत्रिमंडल विस्तार के पांच दिन बीत जाने के बाद भी नए मंत्रियों को विभाग नहीं सौंपे गए हैं।
विभागों के बंटवारे में हो रही देरी को लेकर राजनीतिक गलियारों में लगातार चर्चाएं चल रही हैं। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद यह संभावना जताई जा रही है कि शुक्रवार को नए मंत्रियों को विभाग आवंटित किए जा सकते हैं।
सोशल मीडिया पर साधा निशाना
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि यूपी में मंत्रियों के नाम के बाद अब क्या उनके विभागों की ‘पर्ची’ भी ऊपर से आएगी?
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि मंत्रालयों और विभागों के बंटवारे में देरी की असली वजह “कमीशन-कमाई” के बंटवारे को लेकर डबल इंजन सरकार के भीतर टकराव है। उन्होंने कहा कि लंबे इंतजार के बाद मंत्री बने लोग फिलहाल सिर्फ दर्शक दीर्घा में बैठकर हालात देख रहे हैं।
‘डबल इंजन’ सरकार पर लगाए आरोप
सपा प्रमुख ने अपने पोस्ट में लिखा कि भाजपाई डबल इंजन बाकी मंत्रियों को “डब्बा” कर देता है। उन्होंने कहा कि जनता नए मंत्रियों को मिलने वाले विभागों पर पूरी निगरानी रखेगी ताकि कोई मंत्री अपने “खजाने” न भर सके।
अखिलेश यादव ने दावा किया कि जनता कागजी प्रमाणों के साथ-साथ ऑडियो और वीडियो सबूत भी जुटाएगी और भाजपा नेताओं की “कलई” खोलेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार रोकने वाले विभागों को भी भाजपा सरकार ने बर्बाद कर दिया है।
सोशल मीडिया और सिटिजन जर्नलिज्म का किया जिक्र
अपने बयान में अखिलेश यादव ने कहा कि जनता को अब सोशल मीडिया और सिटिजन जर्नलिज्म के माध्यम से ही न्याय मिलने की उम्मीद है। उन्होंने भाजपा सरकार पर हमला करते हुए कहा कि सरकार को लगता है कि यह उसका सत्ता में आखिरी कार्यकाल है, इसलिए भाजपा नेता “दसों हाथों से पैसा बटोरना” चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि जागरूक जनता अब भाजपा नेताओं को उनके “गंदे मंसूबों” में सफल नहीं होने देगी।
Author: Shivam Verma
Description










