Mayawati: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी द्वारा ब्राह्मण समाज को लेकर की गई कथित अभद्र टिप्पणी पर राजनीतिक विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। इस मामले में अब बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव से तत्काल ब्राह्मण समाज से माफी मांगने की मांग की है।
मायावती ने कहा कि पुलिस में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद समाजवादी पार्टी नेतृत्व की चुप्पी मामले को और अधिक गंभीर बना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा की राजनीति संकीर्ण जातिवाद पर आधारित है और इस घटना से पार्टी का “ब्राह्मण-विरोधी चरित्र” उजागर हुआ है।
मायावती ने सपा नेतृत्व की चुप्पी पर उठाए सवाल
बसपा सुप्रीमो ने कहा कि राजकुमार भाटी के बयान से ब्राह्मण समाज के सम्मान और स्वाभिमान को ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि ऐसे गंभीर मुद्दे पर सपा नेतृत्व की ओर से कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं आना स्थिति को तनावपूर्ण बना रहा है।
मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि समाजवादी पार्टी के एक प्रमुख राष्ट्रीय प्रवक्ता द्वारा ब्राह्मण समाज को लेकर की गई अभद्र, अशोभनीय और आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर हर तरफ भारी आक्रोश है और इसकी तीव्र निंदा हो रही है। उन्होंने कहा कि विवाद के बाद पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज किए जाने के बावजूद मामला शांत नहीं हो रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि सपा नेतृत्व की खामोशी से यह मुद्दा और अधिक तूल पकड़ता जा रहा है। मायावती के अनुसार, सपा मुखिया को तत्काल इस मामले का संज्ञान लेते हुए ब्राह्मण समाज से क्षमा याचना करनी चाहिए।
“सपा का जातिवादी चरित्र नहीं बदला” : मायावती
मायावती ने आरोप लगाया कि इस प्रकरण से यह स्पष्ट होता है कि समाजवादी पार्टी का जातिवादी चरित्र अब भी कायम है। उन्होंने कहा कि जैसे दलितों, अति पिछड़ों और मुस्लिम समाज के प्रति सपा का रवैया रहा है, उसी तरह अब ब्राह्मण समाज के प्रति भी पार्टी का विरोधी चेहरा सामने आया है।
उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान सरकार के रवैये को लेकर भी ब्राह्मण समाज में नाराजगी देखी जा रही है, जो किसी से छिपी नहीं है।
बसपा ने ब्राह्मण समाज को सम्मान देने का किया दावा
बसपा प्रमुख ने अपनी पार्टी का उल्लेख करते हुए कहा कि बहुजन समाज पार्टी ने हमेशा सर्वसमाज को सम्मान दिया है। उन्होंने दावा किया कि बसपा ने ब्राह्मण समाज को भी पार्टी और सरकार में उचित भागीदारी देने के साथ-साथ हर स्तर पर आदर-सम्मान दिया है।
मायावती ने कहा कि बसपा की राजनीति “यूज एंड थ्रो” की नहीं रही, बल्कि पार्टी में सर्वसमाज का हित हमेशा सुरक्षित रखा गया है।
Author: Shivam Verma
Description










