Cockroach Janta Party: देश के मुख्य न्यायधीश जस्टिस सूर्यकांत की एक टिप्पणी के बाद चर्चा में आई कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) अब युवाओं के लिए बड़े आंदोलन की तैयारी करती दिखाई दे रही है। पार्टी ने खुद सोशल मीडिया पर इस बात का संकेत दिया है। इंस्टाग्राम पर 2 करोड़ से अधिक युवाओं को जोड़ने के बाद CJP ने आने वाले दिनों का रोडमैप जारी किया है और कहा है कि यह केवल शुरुआत है, कहानी अभी खत्म नहीं हुई है।
हालांकि इस बीच पार्टी को कई मुश्किलों का भी सामना करना पड़ा है। कॉकरोच जनता पार्टी के ऑफिशियल एक्स अकाउंट को बैन कर दिया गया। वहीं पार्टी के फाउंडर अभिजीत दिपके ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट के हैक होने का दावा किया है। दूसरी तरफ पार्टी की गतिविधियों को लेकर सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका भी दायर की गई है।
“कॉकरोच सबसे बड़े सर्वाइवर होते हैं”
इन घटनाओं के बाद पार्टी ने इंस्टाग्राम पर एक लंबा पोस्ट साझा कर अपने समर्थकों को संदेश देने की कोशिश की कि वह दबाव के आगे झुकने वाली नहीं है। पोस्ट में लिखा गया, “कॉकरोच सबसे बड़े सर्वाइवर होते हैं। ये अंधेरे कोनों में भी पनपते हैं और हर परेशानी के बाद भी टिके रहते हैं। देश के युवाओं का हाल भी आज ऐसा ही है। लेकिन कहानी अभी खत्म नहीं हुई है, कॉकरोचेस ने तो अभी सिर्फ शुरुआत की है।”
सोशल मीडिया पर लगातार ऐसी चर्चाएं हो रही थीं कि यह मुहिम केवल एक मीम पेज बनकर रह जाएगी और इसका जमीनी असर नहीं दिखेगा। हालांकि CJP ने साफ किया है कि वह इस अभियान को एक बड़े आंदोलन में बदलने की तैयारी कर रही है।
संविधान और सामाजिक न्याय की बात
कॉकरोच जनता पार्टी ने कहा है कि उसकी विचारधारा भारत के संविधान से प्रेरित है। पार्टी ने महात्मा गांधी, बाबासाहेब आंबेडकर, जवाहरलाल नेहरू, शहीद भगत सिंह और नेताजी सुभाष चंद्र बोस से प्रेरणा लेने की बात कही है। CJP ने धर्मनिरपेक्षता, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर संघर्ष करने का दावा किया है।
पार्टी ने अपने 2.2 करोड़ से अधिक समर्थकों से देश में बदलाव लाने के लिए सुझाव भी मांगे हैं। आने वाले समय में चुनिंदा सुझावों के आधार पर देशव्यापी कैंपेन और जमीनी कार्रवाई शुरू करने की बात कही गई है। इस दौरान बेरोजगारी, पेपर लीक, पर्यावरण और सरकारी संस्थाओं में पारदर्शिता जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का संकेत दिया गया है।
अभिजीत दिपके के परिवार की सुरक्षा बढ़ी
कॉकरोच जनता पार्टी को शुरू करने वाले अभिजीत दिपके को कथित धमकियां मिलने के बाद महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर स्थित उनके घर के बाहर पुलिस तैनात कर दी गई है। बताया गया है कि उनके माता-पिता के घर के बाहर अब 24 घंटे पुलिस मौजूद रहेगी। हालांकि अभिजीत दिपके फिलहाल अमेरिका के बोस्टन में हैं।
अभिजीत दिपके ने दावा किया है कि उन्हें और भारत में रह रहे उनके परिवार को लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें एक वीडियो मिला है, जिसमें कुछ लोग उनके घर के बाहर खड़े दिखाई दे रहे हैं।
इस बीच अभिजीत के पिता भगवान दिपके ने एक मराठी न्यूज चैनल से बातचीत में भावुक होते हुए कहा, “मैं दो रातों से सोया नहीं हूं। मुझे डर है कि मेरा बेटा अब बहुत मशहूर हो गया है और ऐसे लोगों को पुलिस गिरफ्तार कर लेती है।” वहीं उनकी मां अनीता ने कहा, “हम बस चाहते हैं कि हमारा बेटा सुरक्षित घर लौट आए, मैं इसमें उसका साथ नहीं दूंगी।”
सुप्रीम कोर्ट पहुंचा विवाद
कॉकरोच जनता पार्टी से जुड़ा विवाद अब सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया है। शीर्ष अदालत में दायर एक याचिका में CJP से संबंधित गतिविधियों की जांच कराने की मांग की गई है। याचिका में दावा किया गया है कि न्यायिक कार्यवाही के दौरान की गई टिप्पणियों और विचारों का इस्तेमाल प्रचार के लिए किया जा रहा है तथा इससे न्यायिक प्रक्रिया के दुरुपयोग की आशंका पैदा हो रही है।
दरअसल, पिछले सप्ताह एक मामले की सुनवाई के दौरान CJI सूर्यकांत ने बेरोजगार युवाओं की तुलना कथित तौर पर “कॉकरोच” से कर दी थी। इसी टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते “कॉकरोच जनता पार्टी” नाम से यह मुहिम वायरल हो गई।
Author: Shivam Verma
Description










