Hamirpur News: जिले के जरिया थाना क्षेत्र के गोहांड कस्बे में बुधवार शाम एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई। सिंचाई विभाग के ठेकेदार एवं किसान देशराज (65) की कुल्हाड़ी से हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई। यह घटना राठ-उरई मार्ग से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर जलालपुर शाखा नहर के पास हुई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे जमीन विवाद से जुड़ी रंजिश सामने आई है।
तहसील से लौटते समय रास्ते में रोका, कुल्हाड़ी से किया हमला
जानकारी के अनुसार, गोहांड कस्बे के कमलानगर निवासी देशराज पुत्र परमलाल खेती-किसानी के साथ-साथ सिंचाई विभाग में ठेकेदारी का कार्य करते थे। परिजनों ने बताया कि बुधवार को वह अपने पड़ोसी नरेंद्र पुत्र प्रकाश के साथ किसी काम से राठ तहसील गए थे। दोनों बागीपुरा होते हुए वापस गोहांड लौट रहे थे।
शाम करीब 6:45 बजे, राठ-उरई मार्ग से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर जलालपुर शाखा नहर के पास पहले से मौजूद चरण सिंह और राजेंद्र ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि दोनों भाइयों ने देशराज पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में उनके सिर, हाथ और पैरों पर कई गंभीर वार किए गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के दौरान साथ मौजूद नरेंद्र किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला।
पड़ोसी के जमीन विवाद में सहयोग करना बना हत्या की वजह
मृतक के बेटे कमलेश ने बताया कि नरेंद्र और उसके भाइयों का आरोपी पक्ष के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। उनके पिता कई बार नरेंद्र के साथ तहसील और अन्य स्थानों पर जाते थे तथा उसके मामले में सहयोग और पैरवी करते थे। इसी बात को लेकर आरोपी पक्ष देशराज से नाराज रहता था।
उन्होंने बताया कि उनके पिता लंबे समय से सिंचाई विभाग में ठेकेदारी का कार्य कर रहे थे। इसके अलावा वह खेती-किसानी भी करते थे। परिवार के पास बागीपुरा मौजा में करीब चार बीघा जमीन भी है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी सरीला शाहरुख खान और जरिया थाना प्रभारी दिनेश पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
भूमि विवाद की रंजिश की पुष्टि, आरोपियों की तलाश जारी
सीओ सरीला शाहरुख खान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में भूमि विवाद की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि मृतक स्वयं विवाद का पक्षकार नहीं था, बल्कि वह दूसरे पक्ष की पैरवी करता था। इसी वजह से आरोपी उससे नाराज थे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।











