Hamirpur News: जनपद हमीरपुर के मौदहा कस्बे में लगभग 10 बीघा शत्रु संपत्ति को प्रशासन ने कब्जामुक्त कर सरकारी संपत्ति घोषित कर दिया। राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम की मौजूदगी में की गई इस कार्रवाई के बाद सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किए लोगों में हड़कंप मच गया है।
शत्रु संपत्ति के रूप में दर्ज थी भूमि
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मौजा हामिद शहीद बाबा के निकट स्थित खाता संख्या 151 के गाटा संख्या 1300क, 1301क, 1378क, 1383क, 1390क, 1938क और 1939क का कुल रकबा करीब 10 बीघा है। सरकारी अभिलेखों में यह भूमि इस्माइल पुत्र पीर मोहम्मद, निवासी (वर्तमान पता पाकिस्तान) के नाम दर्ज थी। देश विभाजन के दौरान परिवार के पाकिस्तान चले जाने के कारण यह भूमि शत्रु संपत्ति की श्रेणी में शामिल हो गई थी।
प्रशासन के अनुसार, इस भूमि पर नईमुद्दीन और राना परवीन द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर खेती की जा रही थी। मामले की जांच और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद मंगलवार को उपजिलाधिकारी कर्णवीर सिंह, क्षेत्राधिकारी राजकुमार पांडेय, नायब तहसीलदार महेंद्र गुप्ता, राजस्व विभाग की टीम तथा पुलिस बल की मौजूदगी में भूमि को कब्जामुक्त कराया गया।
मेडबंदी कर नगर पालिका को सौंपी जाएगी संपत्ति
उपजिलाधिकारी कर्णवीर सिंह ने बताया कि शत्रु संपत्ति को विधिक प्रक्रिया के तहत सरकारी कब्जे में लेकर उसकी मेडबंदी कराई जा रही है। इसके बाद भूमि पर सरकारी संपत्ति का बोर्ड लगाया जाएगा और इसे नगर पालिका के अधीन सुरक्षित रखा जाएगा।
प्रशासन का कहना है कि मौदहा कस्बे में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों की पहचान की जा रही है। ऐसे मामलों में जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है और आगे भी सरकारी जमीनों को कब्जामुक्त कराने का अभियान जारी रहेगा।
Author: Shivam Verma
Description










