Share Market Today: हफ्ते के पहले कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त रौनक देखने को मिली है। वैश्विक स्तर पर आई एक सकारात्मक खबर ने निवेशकों का उत्साह बढ़ा दिया है, जिसके चलते सेंसेक्स और निफ्टी ने जोरदार शुरुआत की। बाजार खुलते ही सेंसेक्स में 600 अंकों से अधिक का उछाल दर्ज किया गया, जबकि निफ्टी भी करीब 180 अंकों की बढ़त के साथ कारोबार करता नजर आया।
बाजार में आई इस तेजी के पीछे का मुख्य कारण अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का कम होना है। पिछले 13 दिनों से जारी सैन्य हमलों के बाद, डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने कूटनीतिक बातचीत को प्राथमिकता देते हुए फिलहाल हमलों पर रोक लगाने का फैसला किया है। इस भू-राजनीतिक मोर्चे पर आए बदलाव ने वैश्विक बाजारों में डर के माहौल को खत्म कर दिया है, जिसका सकारात्मक असर भारतीय शेयर बाजार पर भी पड़ा है।
कारोबार के दौरान लार्जकैप शेयरों में भारी खरीदारी देखी गई। इंडिगो, इंफोसिस, एशियन पेंट्स, बजाज फाइनेंस और टीसीएस जैसे दिग्गज शेयरों ने शुरुआती घंटों में मजबूती दिखाई। इसके साथ ही बैंकिंग सेक्टर के स्टॉक्स में भी निवेशकों ने जमकर दांव लगाया, जिससे इंडेक्स को बड़ी राहत मिली और बाजार ग्रीन जोन में बना रहा।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई भारी गिरावट भी बाजार के लिए बूस्टर का काम कर रही है। क्रूड ऑयल के दाम 90 डॉलर प्रति बैरल के स्तर से नीचे आने से महंगाई का दबाव कम होने की उम्मीद बढ़ गई है। वहीं, बाजार का डर मापने वाला इंडेक्स यानी इंडिया VIX करीब 4 फीसदी लुढ़ककर 13 के स्तर पर आ गया है, जो निवेशकों के बीच बढ़ते आत्मविश्वास का संकेत है।
एशियाई बाजारों में भी सकारात्मक रुख बना हुआ है, जहां जापान से लेकर हांगकांग तक के बाजार हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं। हालांकि, शेयर बाजार में उठा-पठक बनी रहती है, इसलिए निवेशकों को सलाह दी जाती है कि किसी भी बड़े निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से चर्चा जरूर करें और बाजार के उतार-चढ़ाव पर नजर बनाए रखें।
Author: Shivam Verma
Description










