Home » उत्तर प्रदेश » हमीरपुर » Hamirpur News: खेत में जानवर चरा रहे वृद्ध किसान की लाठी-कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या, पुरानी रंजिश में वारदात, हवाई फायरिंग से फैली दहशत

Hamirpur News: खेत में जानवर चरा रहे वृद्ध किसान की लाठी-कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या, पुरानी रंजिश में वारदात, हवाई फायरिंग से फैली दहशत

Facebook
X
WhatsApp

Hamirpur News: हमीरपुर जनपद के राठ थाना क्षेत्र के ग्राम कैंथा में पुरानी रंजिश के चलते एक वृद्ध किसान की लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल किसान की उरई मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

खेत में जानवर चरा रहे थे वृद्ध किसान

मृतक के पुत्र विपिन पुत्र वीरपाल द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 11 बजे उनके पिता वीरपाल पुत्र हरचरन अपने खेत में जानवर चरा रहे थे। इसी दौरान गांव के द्रगसिंह पुत्र बृजलाल, रोहित पुत्र द्रगसिंह, मोहित पुत्र द्रगसिंह, कमलेश राजपूत पुत्र धीरसिंह तथा कृष्णपाल पुत्र प्रतिपाल मौके पर पहुंचे। आरोप है कि सभी आरोपी अपने साथ लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी, अवैध तमंचा और लाइसेंसी दोनाला बंदूक लेकर आए थे।

तहरीर के मुताबिक, पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने वीरपाल के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब उन्होंने इसका विरोध किया और गाली देने से मना किया, तो आरोपियों ने उन पर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में वीरपाल गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।

ग्रामीणों के पहुंचने पर हवाई फायरिंग कर आरोपी हुए फरार

घटना के दौरान वीरपाल की चीख-पुकार सुनकर पास के खेतों में मौजूद पवन पुत्र लखनलाल, लखनलाल पुत्र हरचरन, कुंवरलाल निवासी नकरा तथा जगदीश पुत्र भोजराज मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के पहुंचने और ललकारने पर आरोपी कथित रूप से अवैध तमंचे से हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई।

उरई मेडिकल कॉलेज ले जाते समय हुई मौत

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल वीरपाल को रिक्शे से कोतवाली राठ लेकर गए। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्हें तत्काल सरकारी अस्पताल राठ भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत नाजुक होने पर मेडिकल कॉलेज उरई रेफर कर दिया। उरई ले जाते समय बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के जखेड़ी टोल टैक्स के पास वीरपाल ने दम तोड़ दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

घटना के बाद मृतक के पुत्र विपिन अपने परिजनों के साथ शव लेकर कोतवाली पहुंचे और सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और घटना की विस्तृत छानबीन जारी है।

Shivam Verma
Author: Shivam Verma

Description

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबरें