Jammu-Kashmir: जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती जिलों में एक बार फिर संदिग्ध गतिविधियों ने सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया है। राजौरी जिले के थानामंडी इलाके में स्थित अजमताबाद गांव में गुरुवार को स्थानीय निवासियों को एक गुब्बारा मिला, जिस पर पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (पीआईए) का लोगो और नाम अंकित था। लाल और सफेद रंग के इस गुब्बारे के मिलने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने तुरंत इसे अपने कब्जे में ले लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह गुब्बारा सीमा पार से आया प्रतीत होता है। हालांकि इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं, लेकिन प्रशासन इसे हल्के में लेने के बजाय पूरी गंभीरता से देख रहा है। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि यह महज हवा के रुख के साथ आया कोई खिलौना है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश छिपी है। सीमा पार से होने वाली ड्रोन गतिविधियों के कारण सुरक्षा बल अब हर छोटी वस्तु को संदिग्ध मानकर उसकी बारीकी से पड़ताल करते हैं।
राजौरी और आसपास के सीमावर्ती क्षेत्रों में इस तरह की घटनाएं कोई नई नहीं हैं। पिछले कुछ महीनों में पीआईए के नाम वाले कई गुब्बारे बरामद किए जा चुके हैं। इससे पहले मार्च महीने में राजौरी के सरहोती गांव में उर्दू लिपि में लिखे गुब्बारे मिले थे, और फरवरी में अखनूर सेक्टर में पाकिस्तानी करेंसी और फोन नंबर के साथ गुब्बारे देखे गए थे। इस तरह के मामलों ने सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय बना दिया है कि कहीं इनका इस्तेमाल जासूसी या अन्य खतरनाक गतिविधियों के संकेत के रूप में तो नहीं किया जा रहा है।
सुरक्षा जानकारों का मानना है कि सीमा पार से मादक पदार्थों और हथियारों की तस्करी के लिए अक्सर ड्रोन का सहारा लिया जाता है। यही कारण है कि स्थानीय पुलिस और सुरक्षाबल किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलते ही ‘एरिया-डोमिनेशन प्रोटोकॉल’ के तहत पूरे इलाके की सघन तलाशी लेते हैं। फिलहाल, राजौरी पुलिस स्थानीय लोगों से भी सहयोग की अपील कर रही है ताकि सीमावर्ती इलाकों में किसी भी संभावित खतरे को समय रहते पहचाना और रोका जा सके।
Author: Shivam Verma
Description










