Uttarakhand News: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले से यात्रियों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। खराब मौसम और भूस्खलन के कारण बीते दिन रोकी गई केदारनाथ धाम की यात्रा को मंगलवार सुबह से दोबारा सुचारू कर दिया गया है। चीरबासा के पास पैदल मार्ग पर जमा मलबा और पत्थरों को पूरी तरह से हटाकर रास्ता साफ कर दिया गया है, जिसके बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली है।
बता दें कि सोमवार को चीरबासा क्षेत्र में पहाड़ी से गिरे मलबे और भारी पत्थरों की चपेट में आने से एक दर्दनाक हादसा हो गया था, जिसमें एक मासूम बच्चे की जान चली गई थी। इस अप्रिय घटना के बाद और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन के तौर पर केदारनाथ पैदल मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दी थी।
स्थिति में सुधार होने और मार्ग का जायजा लेने के बाद प्रशासन ने आज सुबह से यात्रा को फिर से शुरू करने का निर्णय लिया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने जानकारी दी है कि चीरबासा के पास अब पैदल मार्ग पूरी तरह से सुरक्षित और सामान्य है। इसके बाद गौरीकुंड बेस कैंप से केदारनाथ धाम की तरफ जाने वाले सभी पैदल यात्रियों को आगे बढ़ने की अनुमति दे दी गई है।
भले ही यात्रा मार्ग को खोल दिया गया है, लेकिन स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा बल अब भी बेहद सतर्क नजर आ रहे हैं। मौसम के मिजाज और रास्ते की स्थिति पर लगातार पैनी नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। यात्रा के दोबारा शुरू होने से देश भर से पहुंचे शिव भक्तों में खुशी की लहर दौड़ गई है और वे पूरी आस्था के साथ धाम की ओर प्रस्थान कर रहे हैं।











