Telangana News: तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के शमशाबाद इलाके से एक बेहद दुखद और रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है. यहां एक युवती ने अपने प्रेमी की दर्दनाक सड़क दुर्घटना में हुई मौत के गम में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और हर कोई स्तब्ध है.
मृतका की पहचान नर्मदा के रूप में हुई है, जो शमशाबाद के सिद्धार्थ कॉलोनी की रहने वाली थी. नर्मदा का निजामाबाद निवासी सिद्धार्थ नाम के युवक के साथ गहरा प्रेम प्रसंग चल रहा था. दोनों के परिवार उनकी शादी की तैयारियां करने में जुटे थे और उनके रिश्ते की हर तरफ चर्चा थी, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था.
हाल ही में एक भीषण सड़क हादसे में सिद्धार्थ की अचानक मौत हो गई थी. इस हादसे की खबर मिलते ही नर्मदा गहरे मानसिक तनाव और अवसाद में चली गई. वह अपने होने वाले पति की अचानक हुई मौत के सदमे को बिल्कुल भी सहन नहीं कर पाई और लगातार रोती-बिलखती रहती थी.
परिजनों ने बताया कि नर्मदा मानसिक रूप से पूरी तरह टूट चुकी थी और अक्सर अपनी बहन से कहती थी कि सिद्धार्थ हर रात उसके सपनों में आता है और उसे अपने पास बुलाता है. परिवार वाले उसे सांत्वना देने और संभालने की लगातार कोशिश कर रहे थे, लेकिन उसका दुख कम होने का नाम नहीं ले रहा था.
घटना वाले दिन जब घर पर कोई नहीं था और परिजन किसी काम से बाहर गए हुए थे, तब नर्मदा ने कमरे में अकेले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. घर लौटने पर परिजनों ने जब उसका शव लटका देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. सूचना मिलते ही स्थानीय आरजीआईए थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.










