Azamgarh News: आजमगढ़ पुलिस ने रेलवे में टीटी (ट्रैवलिंग टिकट एग्जामिनर) की नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने खुद को प्रभावशाली बताकर एक युवक को नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया और विश्वास जीतने के लिए फर्जी टीटी आईडी कार्ड भी तैयार कर दिया।
पीड़ित के पिता ने दर्ज कराई थी शिकायत
जानकारी के अनुसार, जनपद आजमगढ़ के ग्राम इसहाकपुर, थाना कंधरापुर निवासी जनार्दन यादव पुत्र स्वर्गीय बहोर यादव ने 7 मई को थाना कंधरापुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके पुत्र अमन को रेलवे में टीटी के पद पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर अमित कुमार श्रीवास्तव उर्फ दीपक पुत्र विनोद कुमार श्रीवास्तव निवासी मकान नंबर 5/35 P-2-P, कमला नगर कॉलोनी, थाना लालपुर पांडेयपुर, जनपद वाराणसी ने कुल 9 लाख 63 हजार 500 रुपये की ठगी कर ली।
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने अपने झांसे को विश्वसनीय बनाने के लिए फर्जी टीटी आईडी कार्ड भी तैयार कर दिया था। बाद में जब पीड़ित पक्ष ने अपनी धनराशि वापस मांगी तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा।
विभिन्न धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कंधरापुर में मु0अ0सं0-108/2026 के तहत धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2), 352 एवं 351(3) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस द्वारा मामले की विवेचना की जा रही थी।
पुलिस जांच के दौरान 29 मई को उ0नि0 प्रमोद कुमार मद्धेशिया ने अपनी टीम के साथ कार्रवाई करते हुए मुकदमे से संबंधित आरोपी अमित कुमार श्रीवास्तव उर्फ दीपक को भंवरनाथ-वाराणसी हाईवे तिराहे से सुबह करीब 08:10 बजे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे माननीय न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस टीम को मिली सफलता
इस कार्रवाई में थाना कंधरापुर की पुलिस टीम के उ0नि0 प्रमोद कुमार मद्धेशिया, रि0का0 नीरज कुमार यादव तथा रि0का0 अभिषेक कुमार गौड़ शामिल रहे।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति को धनराशि देने से पहले उसकी सत्यता की पूरी जांच-पड़ताल अवश्य कर लें। किसी भी संदिग्ध प्रस्ताव या भर्ती संबंधी दावे की पुष्टि संबंधित विभाग से करने के बाद ही आगे की कार्रवाई करें, ताकि इस प्रकार की ठगी का शिकार होने से बचा जा सके।
Author: Shivam Verma
Description










