Delhi News: भारतीय जनता पार्टी में संगठनात्मक स्तर पर एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया है, जिसमें कई दिग्गज नेताओं को नई भूमिकाएं सौंपी गई हैं। इस फेरबदल के जरिए पार्टी ने आगामी राजनीतिक चुनौतियों और चुनावों को ध्यान में रखते हुए अपने संगठन को और अधिक धारदार बनाने की रणनीति अपनाई है।
इस नई नियुक्तियों में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का कद बढ़ाते हुए उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही, लंबे समय से सक्रिय राजनीति से दूरी बनाए रखने वाले राम माधव की भी मुख्यधारा में वापसी हुई है, उन्हें भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। यह बदलाव पार्टी के भीतर अनुभवी नेताओं के महत्व को फिर से स्थापित करने के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
संगठन के विस्तार में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का नाम भी शामिल है, जिन्हें पार्टी ने राष्ट्रीय महामंत्री के पद पर नियुक्त किया है। वहीं, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत और ओडिशा के वरिष्ठ नेता बैजयंत जय पांडा को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी की नई टीम में अनुभव और युवा ऊर्जा का संतुलन बनाने का प्रयास किया गया है, ताकि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को गति दी जा सके।
अध्यक्ष नितिन नवीन ने एक्स पर अपने आधिकारिक हैंडल से सभी पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह टीम पार्टी को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पीएम मोदी के कुशल मार्गदर्शन में ये सभी नेता संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने का काम करेंगे। इस सूची में पुराने चेहरों के साथ-साथ नए चेहरों को भी उचित स्थान दिया गया है, जो आने वाले समय में पार्टी की चुनावी रणनीति का हिस्सा होंगे।
संगठन में कुछ पुराने नेताओं की भूमिका बरकरार रखी गई है, जिसमें विनोद तावड़े और सुनील बंसल का नाम प्रमुख है, जो अपने-अपने पदों पर काम करते रहेंगे। वहीं बीएल संतोष राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बने रहेंगे। पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की बड़ी जिम्मेदारी दी गई है, जबकि संबित पात्रा को नॉर्थ-ईस्ट कोऑर्डिनेटर के तौर पर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह पूरी फेरबदल पार्टी की आने वाली राजनीतिक दिशा और चुनावी ब्लूप्रिंट को स्पष्ट रूप से दर्शाती है।
Author: Shivam Verma
Description










