Bengaluru Day Care Cruelty: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक बेहद विचलित करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नामी आईटी कंपनी के कैंपस में स्थित डे-केयर सेंटर में मासूम बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार की खबरें हैं। शहर के ब्रुकफील्ड इलाके में मौजूद इस सेंटर की पांच नैनी (बच्चों की देखभाल करने वाली महिला कर्मचारियों) के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि ये महिलाएं 2 से 3 साल के नन्हे बच्चों को डराने-धमकाने और शारीरिक प्रताड़ना देने का काम कर रही थीं।
सामने आए चौंकाने वाले वीडियो में देखा जा सकता है कि डे-केयर की कर्मचारी बच्चों के साथ किसी अपराधी जैसा बर्ताव कर रही थीं। शिकायतों के अनुसार, इन महिलाओं ने मासूम बच्चों को फ्रंट-लोडिंग वॉशिंग मशीन के अंदर डाल दिया और उन्हें वेस्टर्न टॉयलेट पर बैठाकर टॉयलेट के जेट स्प्रे का पानी उनके मुंह में जबरदस्ती डाला। बच्चों के रोने या शोर मचाने पर उन्हें बाथरूम में बंद कर देने जैसी घिनौनी हरकतें भी सामने आई हैं, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है।
यह मामला तब प्रकाश में आया जब दुर्व्यवहार के कई वीडियो व्हाट्सएप और अन्य सोशल प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हो गए। जानकारी के मुताबिक, चाइल्ड हेल्पलाइन के एक अधिकारी ने इन वीडियो के आधार पर पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए मंजुला, विजयलक्ष्मी, भवानी, सिंधु और बिंदु नाम की पांच महिला कर्मचारियों के खिलाफ जुवेनाइल जस्टिस एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
जांच कर रही पुलिस का कहना है कि यह पूरा वाकया किसी और कर्मचारी द्वारा रिकॉर्ड किया गया था। फिलहाल, पुलिस मामले से जुड़े सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और सेंटर में आने वाले बच्चों के अभिभावकों से भी पूछताछ की तैयारी की जा रही है। आरोपी महिलाओं को जल्द ही नोटिस भेजकर पूछताछ के लिए तलब किया जाएगा, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे कब से बच्चों के साथ ऐसा क्रूर बर्ताव कर रही थीं और इसके पीछे क्या वजह थी।
वहीं, इस घटना के बाद आईटी कंपनी प्रबंधन ने भी सफाई पेश की है। कंपनी का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है और वे इस मामले में पुलिस के साथ पूरी तरह सहयोग कर रहे हैं। एहतियात के तौर पर, प्रबंधन ने बेंगलुरु कैंपस स्थित इस डे-केयर सेंटर को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया है। इस घटना ने कामकाजी माता-पिता के बीच अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बड़ी चिंता पैदा कर दी है।
Author: Shivam Verma
Description










