Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा ने शनिवार शाम को कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर विकासखंड के सुदूर वनांचल ग्राम मुल्ला स्थित पुनर्वास केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया। यह केंद्र उन युवाओं के पुनर्वास और कौशल विकास के लिए संचालित है, जिन्होंने हथियार छोड़कर मुख्यधारा में वापसी की है।

पुनर्वासित युवाओं से संवाद
निरीक्षण के दौरान श्री विजय शर्मा ने पुनर्वासित युवाओं से मुलाकात कर उनकी शिक्षा, आजीविका और मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन युवाओं की सभी बुनियादी आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही उन्होंने पुनर्वास केंद्र में रहने वाले युवाओं को प्रतिदिन दो व्यावसायिक पाठ्यक्रमों का प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए, ताकि वे अधिक कुशल बनकर दीर्घकालिक रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकें।

शिक्षा, खेती और परिवार से जुड़ी व्यवस्थाओं पर चर्चा
उपमुख्यमंत्री ने युवाओं से उनकी शिक्षा और कृषि गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पुनर्वास केंद्र में रहने वाले युवाओं की परिवारों से मुलाकात की व्यवस्था समय-समय पर सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड बनवाने और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण करवाने के भी निर्देश दिए।

सामूहिक विवाह और लोकतांत्रिक प्रक्रिया से परिचय कराने की पहल
श्री शर्मा ने कहा कि जिन पुनर्वासित युवाओं के परिवार सहमत हों, उनके लिए पुनर्वास केंद्र में सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि युवाओं को विधानसभा सत्र के दौरान रायपुर भ्रमण कराया जाए, ताकि वे लोकतांत्रिक प्रणाली और शासन की कार्यप्रणाली से परिचित हो सकें।

कौशल प्रशिक्षण से आत्मनिर्भरता
गौरतलब है कि माओवादी विचारधारा से मुख्यधारा में लौटे युवक-युवतियों को कौशल प्रशिक्षण केंद्र, मुल्ला (भानुप्रतापपुर) में रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
यहां युवाओं को काष्ठ शिल्प (Carpentry), राज मिस्त्री (Masonry) तथा इलेक्ट्रिशियन जैसे एडवांस ट्रेड्स का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

वर्तमान में कुल 66 प्रशिक्षु प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं — जिनमें 52 पुनर्वासित युवा और 14 प्रभावित परिवारों के सदस्य शामिल हैं। इनमें से 36 को काष्ठ शिल्प, 15 को राज मिस्त्री, और 15 को इलेक्ट्रिशियन ट्रेड में प्रशिक्षित किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य है कि ये युवा स्वावलंबी बनकर अपने परिवार और समाज के आर्थिक विकास में योगदान दें और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में कदम बढ़ाएं।

निरीक्षण के दौरान अधिकारीगण रहे उपस्थित
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री इंदिरा कल्याण एलेसेला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आकाश श्रीमाली, जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी, एसडीएम भानुप्रतापपुर श्री जी.डी. वाहिले, डिप्टी कलेक्टर श्री राहुल रजक, तथा लाइवलीहुड कॉलेज के प्राचार्य श्री सुनील नेताम सहित जिले एवं ब्लॉक स्तर के कई अधिकारी उपस्थित रहे।
Author: Shivam Verma
Description











