Translate Your Language :

Home » उत्तर प्रदेश » Hamirpur News: शादी समारोह में आए युवक की गोली मारकर हत्या

Hamirpur News: शादी समारोह में आए युवक की गोली मारकर हत्या

Facebook
X
WhatsApp

Hamirpur News: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में शादी समारोह में शामिल होने आए एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने युवक को सीने में गोली मारने के बाद सड़क किनारे फेंक दिया। शुरुआत में पुलिस को अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक के घायल होने की सूचना मिली थी, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों की जांच में युवक के सीने में गोली लगने की पुष्टि हुई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

सड़क किनारे घायल अवस्था में मिला युवक

मामला हमीरपुर जिले के बिवार थाना क्षेत्र के छानी बुजुर्ग गांव का है। पाटनपुर निवासी सचिन पुत्र शुभकरण सिंह शादी समारोह में शामिल होने के लिए छानी गांव आया हुआ था।

बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात करीब 11:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि गांव के पास एक युवक सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़ा है और किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी है। सूचना मिलते ही थाना बिवार पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए सीएचसी छानी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

डॉक्टरों की जांच में सामने आई गोली लगने की बात

अस्पताल में परीक्षण के दौरान डॉक्टरों ने युवक के सीने के बाईं ओर गोली लगने की पुष्टि की। प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से गोली चलने के साक्ष्य मिलने की बात भी सामने आई है।

मृतक की पहचान सचिन पुत्र शुभकरण सिंह, उम्र करीब 26 वर्ष, निवासी पाटनपुर थाना बिवार के रूप में हुई है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार और शादी वाले घर में कोहराम मच गया। परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।

गांव में दहशत, देर रात तक जुटी रही भीड़

घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। देर रात तक घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुटी रही। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस शादी समारोह में शामिल लोगों और आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। मामले में एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस पुरानी रंजिश समेत अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

क्या बोले सीओ मौदहा

सीओ मौदहा राजकुमार पांडेय ने बताया, “थाना बिवार क्षेत्र में एक युवक के घायल मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस द्वारा उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर द्वारा निरीक्षण में युवक के सीने में गोली लगने की पुष्टि हुई है। एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्राप्त तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।”

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

शादी समारोह में आए युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है। पुलिस घटना के खुलासे के लिए लगातार जांच और पूछताछ कर रही है। वहीं इस वारदात ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Shivam Verma
Author: Shivam Verma

Description

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबरें